कोलकाता रेप-मर्डर केस पर अभिनेत्री शबाना आजमी ने जताई चिंता, कहा- निर्भया कांड के बाद से भी हालातों में कोई सुधार नहीं आया, बहुत शर्मनाक!

Update: 2024-08-29 07:48 GMT

मुंबई। कोलकाता में आरजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप-मर्डर केस ने पूरे देशभर को झकझोर कर रख दिया है। कोलकाता रेप-मर्डर केस को लेकर अभिनेत्री शबाना आजमी ने भी चिंता जताई है। उन्होंने इस घटना को शर्मनाक बताया और कहा कि निर्भया कांड के बाद से भी हालातों में कोई सुधार नहीं आया है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पितृसत्तात्मक मानसिकता को खत्म करने की जरूरत है।

शबाना आजमी बुधवार शाम को संयुक्त राष्ट्र बाल कोष के सहयोग से पुणे स्थित ग्रेविटास फाउंडेशन द्वारा आयोजित 'बच्चों के लिए एक सुरक्षित विश्व का निर्माण' विषय पर गोलमेज सम्मेलन में शामिल हुईं। यहां उनसे कोलकाता में एक डॉक्टर के बलात्कार और हत्या के साथ-साथ महाराष्ट्र के बदलापुर के एक स्कूल में बच्चियों के साथ कथित यौन उत्पीड़न के बारे में पूछा गया।

अभिनेत्री ने कहा कि ऐसी घटनाओं के प्रति आक्रोश होना चाहिए और यह सिर्फ आज नहीं, यह आक्रोश बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था। और यह चयनात्मक नहीं होना चाहिए कि एक मामले में ही यह राजनीतिक हो। ये सभी घटनाएं बेहद खतरनाक हैं। अगर हम इन घटनाओं को चुनिंदा तरीके से देखते रहेंगे तो हम जड़ तक नहीं पहुंच पाएंगे। यह सब बहुत शर्मनाक है।

Tags:    

Similar News