अरविंद केजरीवाल की जमानत को आप नेताओं ने बताया- सच्चाई की जीत, जानें बीजेपी के बारे में उन्होंने क्या कहा?

Update: 2024-09-13 06:21 GMT

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने कथित आबकारी नीति घोटाले में सीबीआई द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार के मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आज शुक्रवार को जमानत दे दी। सुप्रीम कोर्ट द्वारा अरविंद केजरीवाल को जमानत दिए जाने पर आदमी पार्टी के नेताओं में खुशी की लहर है। केजरीवाल की जमानत पर आप नेताओं की प्रतिक्रियाएं आ रही है और उनका कहना है कि यह न्याय और सच्चाई की जीत है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आप परिवार को बधाई! मजबूत बने रहने के लिए बधाई। साथ ही हमारे अन्य नेताओं की जल्द रिहाई की कामना करती हूं।

आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा करता हूं। अरविंद केजरीवाल सिर्फ एक नाम नहीं बल्कि ईमानदार राजनीति का ब्रांड हैं। उनकी बढ़ती लोकप्रियता के कारण उन्हें 6 महीने के लिए जेल जाना पड़ा। आप को और मजबूती मिलेगी। मैं फैसले का स्वागत करता हूं। वेलकम बैक अरविंद केजरीवाल। हम सुप्रीम कोर्ट के अंतिम आदेश को पढ़ने के बाद आगे की रणनीति बनाएंगे ताकि यह समझ सकें कि किन शर्तों के तहत जमानत दी गई है। दिल्ली और देश में खुशी की लहर है। अरविंद केजरीवाल अब आगामी हरियाणा चुनाव में आप के प्रचार अभियान का नेतृत्व करेंगे।

आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि ये एक बार फिर साबित हो गया है कि अरविंद केजरीवाल जैसा सच्चा, ईमानदार, देशभक्त नेता इस देश में नहीं है। जिनको गिरफ्तार करने के लिए भाजपा ने हजारों तरह की साजिश रची। उन्हें जेल में डाला। आज सुप्रीम कोर्ट का हम धन्यवाद करते हैं जिनके कारण आज सच्चाई की जीत हुई है और झूठ का पर्दाफाश हुआ है।

आप सांसद संजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में तानाशाही नही चलेगी-नही चलेगी। झुकते हैं तानाशाह लड़ने वाला चाहिए। मोदी की अत्याचारी हुकूमत अरविंद केजरीवाल के हौसलों को नहीं तोड़ पाई। जेल के ताले टूट गये अरविंद केजरीवाल छूट गये। झूठ का पहाड़ गिर रहा है ईडी, सीबीआई और बीजेपी के झूठे केस का पर्दाफाश हो चुका है। सत्यमेव जयते! 

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री और आप नेता गोपाल राय ने कहा कि सभी को बधाई। दिल्ली के सीएम अब बाहर आ रहे हैं। लोगों में खुशी है। इससे दिल्ली और पूरे देश में संदेश गया है कि तानाशाही एक दिन हारती है, चाहे वह कितनी भी मजबूत क्यों न हो।

Tags:    

Similar News