ये आरा है... छोटी सी बात पर गरजीं बंदूकें, दो की मौत, कई घायल, जानें पूरा मामला
घटना आरा के गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव में रविवार रात करीब 9:30 बजे घटी।;
आरा (राशी सिंह)। बिहार के भोजपुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। यह घटना गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव में रविवार रात लगभग साढ़े नौ बजे घटी।
दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद एक पक्ष ने गोली चला दी। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई। मृतकों की पहचान लवकुश और राहुल के रूप में की गई है।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
इस घटना में पांच अन्य लोग भी गोली लगने से घायल हुए हैं। उन्हें भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, मामला दर्ज
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वे हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।