पीएम मोदी ने 17वें सिविल सेवा दिवस कार्यक्रम में लिया हिस्सा, कहा-2014 के बाद व्यवस्था परिवर्तन का महायज्ञ शुरू हुआ

हम आज जिन नीतियों पर काम कर रहे हैं, जो निर्णय ले रहे हैं, वो 1 हजार साल का भविष्य तय करने वाले हैं।;

Update: 2025-04-21 08:25 GMT

नई दिल्ली। 17वें सिविल सेवा दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम ने 'लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के पुरस्कार के लिए जिलों का समग्र विकास' और 'लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार से चुनिंदा नवाचार' पर ई-कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि इस बार का सिविल सेवा दिवस कई वजहों से बहुत विशेष है।

हर दिन इस लक्ष्य के लिए काम करना है

बता दें कि पीएम ने कहा कि इस साल हम अपने संविधान का 75वां वर्ष मना रहे हैं और ये सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के भी साल हैं। 21 अप्रैल, 1947 को सरदार वल्लभभाई पटेल ने आप सभी को 'स्टील फ्रेम ऑफ इंडिया' कहा था। उन्होंने स्वतंत्र भारत की ब्यूरोक्रेसी की नई मर्यादाएं तय की थी। एक ऐसा सिविल सर्वेंट जो राष्ट्र की सेवा को अपना सर्वोत्तम कर्तव्य माने, जो लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन चलाए, जो ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण से भरा हुआ हो।

वहीं पीएम ने आगे कहा कि 'विकसित भारत के हमारे लक्ष्य की प्राप्ति के लिए भी विकास रथ के हर चक्र को मिलकर चलना है। दृढ़ प्रतिज्ञ होकर हर क्षण, हर दिन इस लक्ष्य के लिए काम करना है। लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जीना है, जिंदगी खपानी है।

नई सहस्त्राब्दी का भी 25वां साल है

बता दें कि पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद से देश में व्यवस्था परिवर्तन का एक बहुत बड़ा महायज्ञ शुरू हुआ है। हम इस तेज रफ्तार के साथ खुद को तेजी से ढाल रहे हैं। आज भारत की आकांक्षी समाज,भारत के युवा, भारत के किसान, भारत की महिलाएं, उनके सपनों की उड़ान आज जिस ऊंचाई पर है, वो अभूतपूर्व है। इन अभूतपूर्व आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए अभूतपूर्व गति आवश्यक है।

सिविल सेवा दिवस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने आगे कहा कि कुछ समय पहले मैंने लाल किले से कहा था कि आज के भारत को आने वाले 1 हजार साल की नींव को मजबूत करना है। एक हिसाब से देखें तो 1 हजार साल की सहस्त्राब्दी में पहले 25 साल बीत गए हैं। ये नई शताब्दी का 25वां साल है और नई सहस्त्राब्दी का भी 25वां साल है। हम आज जिन नीतियों पर काम कर रहे हैं, जो निर्णय ले रहे हैं, वो 1 हजार साल का भविष्य तय करने वाले हैं।

Tags:    

Similar News