उफ गर्मी ! 4 डिग्री तापमान और बढ़ेगा, अप्रैल में जून वाली गर्मी के लिए तैयार रहें
नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में 4 डिग्री तापमान और बढ़ेगा। इससे गर्मी और ज्यादा सताने वाली है। अप्रैल के माह में तपती गर्मी के लिए लोग तैयार रहें। वहीं मौसम के बदलाव के चलते लोगों को नजला जुकाम की समस्या भी होने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज से उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में तापमान में 4 डिग्री तक वृद्धि होने की संभावना है, जिससे गर्मी बढ़ेगी। उत्तर भारत के कई राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात में गर्म हवाएं और लू का प्रकोप जारी है, वहीं दक्षिण भारत के हिस्सों में बारिश और आंधी तूफान के कारण कुछ राहत महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल तक गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लू चलने के आसार हैं। 6 अप्रैल को कच्छ और सौराष्ट्र में तीव्र लू दर्ज की गई। गर्मी और उमस से कोंकण और गोवा में भी असहज स्थिति बनी रह सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत, महाराष्ट्र और दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों में अगले चार दिनों में तापमान 2-4 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि इसके बाद कुछ गिरावट की संभावना है। वहीं, मध्य भारत में तापमान में थोड़ी वृद्धि हो सकती है।