हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: बहादुरगढ़ से इनेलो-बसपा गठबंधन का प्रत्याशी घोषित, नफे सिंह राठी के बेटे जितेंद्र राठी को बनाया उम्मीदवार

Update: 2024-08-26 12:49 GMT

नई दिल्ली। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन के बहादुरगढ़ विधानसभा से पूर्व विधायक स्व. नफे सिंह राठी के पुत्र पार्षद जितेंद्र राठी उम्मीदवार होंगे। यह घोषणा रविवार को शहर के गौरेया पर्यटक केंद्र में आयोजित पत्रकारवार्ता में स्व. नफे सिंह राठी की पत्नी शीला राठी और परिवार के सदस्यों ने की है। बता दें कि इनेलो की बैठक में पार्टी के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने नफे सिंह राठी के परिवार को विधानसभा चुनाव लड़ने की जिम्मेवारी सौंपी थी। इसके बाद परिवार ने आपसी विचार-विमर्श कर रविवार को जितेंद्र राठी के नाम की घोषणा की है।

प्रेसवार्ता के दौरान शीला नफे सिंह राठी ने कहा कि स्व. नफे सिंह राठी बहादुरगढ़ को विकास की गति प्रदान करना चाहते थे और अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बहादुरगढ़ में चहुंमुखी विकास कराया था लेकिन भाजपा सरकार के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट होने के कारण नफे सिंह राठी की सरेआम हत्या कर दी गई। 6 माह बीत जाने के बाद भी हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। यहां तक कि साजिशकर्ता भी खुलेआम घूम रहे हैं। जितेंद्र राठी ने कहा कि पूरे हरियाणा में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। आज बहादुरगढ़ हलका विकास के मामले में वर्षों पीछे चला गया है। इस मौके पर स्व. नफे सिंह राठी के भतीजे कपूर सिंह राठी, भूपेंद्र राठी, दीपक राठी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News