Ujjain: प्रयागराज की नाबालिग के साथ महाकाल की नगरी में निर्भया जैसा कांड, ढाई घंटे तक बिना कपड़ों के घूमती रही

Update: 2023-09-27 10:39 GMT

बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में दिल्ली के निर्भया कांड की तरह मामला सामने आया है। दुष्कर्म के बाद नाबालिग के प्राइवेट पार्ट्स को नुकसान पहुंचाया गया। दुष्कर्म के बाद बदमाशों ने नाबालिग को अर्द्धनग्न अवस्था में छोड़ दिया। वह ढाई घंटे तक बड़नगर रोड स्थित मुरलीपुरा इलाके में घर-घर गई लेकिन किसी ने मदद नहीं की। लड़की प्रयागराज की रहने वाली है। वह उज्जैन कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है।

किसी ने डायल 100 पर सूचना दी और महाकाल थाना पुलिस ने उसकी मदद की और उसका चरक अस्पताल में मेडिकल कराया। ढाई घंटे तक नाबालिग यहां-वहां भटकती रही। भाषा अलग होने की वजह से कोई उसकी बात समझ नहीं सका। किसी ने मदद तक नहीं की। मेडिकल रिपोर्ट में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर इंदौर के अस्पताल में रैफर किया गया है। अब उसकी हालत में सुधार है। इस घटना ने न सिर्फ बाबा महाकाल की नगरी को शर्मसार कर दिया है बल्कि पुलिसिया व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला सोमवार का

महाकाल थाना प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि एक नाबालिग मुरलीपुरा क्षेत्र में अर्द्धनग्न हालत में घूम रही है। उसे तत्काल थाने लाया गया। वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थी। उसका मेडिकल कराया तो पता चला कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। डॉक्टर के मुताबिक उसके प्राइवेट पार्ट्स में भी गंभीर चोटें थीं। उसे तत्काल उपचार के लिए इंदौर भेज दिया गया था। जब नाबालिग से घटना के बारे में जानने का प्रयास किया तो उसकी भाषा स्पष्ट नहीं हो रही थी। हालत इतने खराब थे कि पुलिस उससे सही तरीके से पूछताछ भी नहीं कर सकी।



एसपी ने एसआईटी बनाई

नाबालिग के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होते ही पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने एसआईटी बनाई है। क्षेत्र के 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखकर इस मामले में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सचिन शर्मा ने कहा कि मासूम के साथ निर्भया कांड जैसा कुछ किया गया है। मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है।

बदहवास घूम रही थी नाबालिग

पुलिस ने बड़नगर रोड और सिंहस्थ बायपास क्षेत्र के जो सीसीटीवी फुटेज निकाले हैं, उससे पता चला कि नाबालिग के कपड़े खून से सने थे। वह बदहवास होकर सिंहस्थ बायपास क्षेत्र और मुरलीपुरा क्षेत्र में घूम रही थी। नाबालिग उज्जैन की नहीं थी, इस वजह से उसे किसी भी क्षेत्र की जानकारी नहीं थी। उसने कुछ लोगों से बात करने का प्रयास भी किया, लेकिन लोग उसकी भाषा समझ नहीं सके।

पुलिस कर रही जांच कैसे उज्जैन आई लड़की

पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि यह नाबालिग उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली है। वह इससे पहले उज्जैन कभी नहीं आई थी। पुलिस के लिए जांच का विषय यह है कि नाबालिग आखिर उज्जैन कैसे पहुंची? आखिर उसके साथ किसने दुष्कर्म किया है?

Tags:    

Similar News