यात्रा संस्मरण: दुबई में एक ऐसा बाजार जहां है चारों तरफ सोना ही सोना और वहां आते हैं दुनिया भर के लोग

Update: 2024-09-21 08:08 GMT

सिंदबाद ट्रैवल्स-5

उस जमाने में दुबई जाने वाले को जो एक और चीज़ आकर्षित करती थी वो था "जम्बो इलेक्ट्रॉनिक्स" का शो रूमा एक व्यक्ति जिसको बाद में सफल होने के बाद सारी दुनिया ने जाना ये उसके सपनों के सच होने की कहानी बताता है।

Mr. M.R. Chhabariya या जिनको मनु छाबरिया के नाम से भी जाना जाता है उन्होंने 5 लाख रुपयों से भी कम रकम अथवा 50 000 दिरहम से अपना इलेक्ट्रॉनिक्स का व्यापार दुबई में शुरू किया। 1974 में और फिर अपने व्यापार में धन और ख्याति दोनों खूब कमाए। बताते हैं कि जब वो कंपनी रजिस्टर कराने गए तो जब कंपनी का नाम तय करना था तो उनको याद आया कि वो जम्बो जेट में बैठ कर आये थे तो उन्होंने अपनी कंपनी का नाम जम्बो इलेक्ट्रॉनिक्स ही रख दिया। वो बाद में कतिपय विवादों में भी रहे लेकिन जम्बो इलेक्ट्रॉनिक्स की सफलता की कहानी एक भारतीय नौजवान के सपनों की उड़ान के हकीकत में बदलने की कहानी है, आज जम्बो इलेक्ट्रॉनिक्स कई बिलियन डॉलर की कंपनी है।

दुबई की एक और चीज़ ने मुझको आश्चर्यचकित किया वो थी वहां का "गोल्ड सूक" अथवा सोने का बाज़ार। इस बाज़ार में लाइन से न जाने कितनी दुकानें हैं और उनमें सोना और सोने के जेवरात भरे पड़े हैं। एक पूरे बाज़ार में चारों तरफ सोना ही सोना और वहां सारी दुनिया से लोग खरीदारी करने आते हैं। एक बार में तो सहसा विश्वास ही नहीं होता कि इतना बड़ा एरिया सिर्फ सोने के जेवरातों और कीमती आभूषणों से भरा हुआ है और किसी को कोई भी किसी भी किस्म की असुरक्षा की भावना नहीं है। हां, मैंने ये जरूर महसूस किया कि वहां भारत या अन्य एशियाई देशों के जो लोग थे वो मोटरसाइकिल पर चलने वाली पुलिस जिसको वहां की भाषा में "सुरता" कह रहे थे उस से थोड़ा भय खाते थे। मुझसे भी एक सज्जन ने कहा था कि सुरते से दूर रहना और आंखें मत मिलाना।

अगले अंक में चर्चा होगी आबूधाबी की यात्रा और वहां के अरबी शेखों द्वारा व्यापार के ऑफर की...

लेखक अतुल चतुर्वेदी भारत से कांच हस्तशिल्प उत्पादों के पहले निर्माता निर्यातक एवं प्रमुख उद्योगपति हैं। प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता, इतिहास, संस्कृति, सामाजिक मुद्दों, सार्वजनिक नीतियों पर लेखन के लिए जाने जाते हैं। तीन दशक से अधिक वैश्विक यात्राओं के साक्षी।

Tags:    

Similar News