गाजियाबाद में आज दो चुनावों पर रहेगी लोगों की नजर, निगम कार्यकारिणी के साथ बार एसोसिएशन का चुनाव

Update: 2024-07-19 05:55 GMT

सोनू सिंह

गाजियाबाद। शहरवासियों की नजर आज गाजियाबाद के दो अहम चुनावों पर रहेगी। इनमें पहला चुनाव गाजियाबाद नगर निगम कार्यकारिणी का होगा जबकि दूसरा चुनाव यहां की बार एसोसिएशन का है। इन दोनों ही चुनावों के दावेदारों ने अपनी-अपनी पुख्ता तैयारियां कर ली हैं। गाजियाबाद नगर निगम कार्यकारिणी के लिए पहले छह नये सदस्यों का चयन होगा इसके बाद निगम उपाध्यक्ष चुना जाएगा।

बारह सदस्यीय गाजियाबाद नगर निगम की कार्यकारिणी के लिए भारतीय जनता पार्टी के चार जबकि विपक्ष के दो सदस्यों का चयन आसानी से हो जाएगा। इस स्थिति में निगम कार्यकारिणी के छह नये सदस्य आपसी सहमति कायम कर सीधे मनोनीत हो जाएंगे। इससे इतर अगर भारतीय जनता पार्टी अथवा विपक्ष की ओर से इनसे ज्यादा सदस्यों पर दावा किया गया तो फिर चुनाव कराया जाना ही एकमात्र विकल्प होगा। कार्यकारिणी के सभी बारह सदस्यों का चयन हो जाने के पश्चात इन्हीं बारह सदस्यों में से निगम उपाध्यक्ष का चुनाव भी होना है।

बार एसोसिएशन के लिए 11 जुलाई तक हुए नामांकन में अध्यक्ष पद के लिए चार और सचिव पद के लिए तीन अधिवक्ताओं समेत कुल 46 लोगों ने अपने पर्चे भरे थे। पहले पांच कनिष्ठ सदस्यों का फैसला लॉटरी व्यवस्था द्वारा निर्विरोध कर लिया गया था लेकिन कुछ अधिवक्ताओं ने इस पर अपनी आपत्ति जताई थी। इसके चलते कनिष्ठ अधिवक्ताओं का चयन निरस्त कर इसके लिए भी मतदान कराए जाने का फैसला लिया गया था।

आज होने जा रहे बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए सभी प्रत्याशी अपना पूरा जोर लगा रहे हैं। पहले निवर्तमान अध्यक्ष राकेश त्यागी कैली को इसका चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया था परंतु राकेश त्यागी कैली ने स्वास्थ्य के आधार पर अपने आपको बार एसोसिएशन की चुनाव प्रक्रिया से दूर कर लिया था। उनके स्थान पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं गाजियाबाद बार एसोसिएशन की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मृदुला राय त्यागी को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। वरिष्ठ अधिवक्ता मृदुला राय त्यागी चुनाव अधिकारी के साथ ही कार्यवाहक बार अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। बार सचिव स्नेह कुमार त्यागी को चुनाव संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। गाजियाबाद बार एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्यों ने सभी अधिवक्ताओं से बार एसोसिएशन चुनाव में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है।

Tags:    

Similar News