हरियाणा में कांग्रेस को लगा झटका! बेटी श्रुति के साथ किरण चौधरी हुईं बीजेपी में शामिल, जाने पार्टी छोड़ने की क्या वजह बताईं

Update: 2024-06-19 06:26 GMT

नई दिल्ली। हरियाणा में कांग्रेस को जोरदार झटका लगा है। पूर्व कांग्रेस नेता किरण चौधरी और अपनी बेटी श्रुति चौधरी के साथ आज यानी बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और भाजपा नेता तरुण चुघ की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुईं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैं किरण चौधरी और श्रुति चौधरी का बहुत-बहुत स्वागत करता हूं और विश्वास दिलाता हूं कि किरण चौधरी और श्रुति चौधरी के साथ मिलकर भाजपा एक परिवार की तरह हरियाणा को मजबूत करने का काम करेगी। आपका और आपके परिवार का जो अनुभव है उससे भाजपा और मजबूत होगी।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज का दिन बहुत ऐतिहासिक है। आज दो प्रमुख शख्सियतें पार्टी में हैं, जिन्होंने कई सालों तक कांग्रेस में काम किया है। मैं किरण को तब से जानता हूं जब हम बंसीलाल के साथ काम करते थे। किरण और मैं विधानसभा में आमने-सामने बैठते थे लेकिन कुछ समय बाद हमें पता चलता था कि हम क्या कहना चाहते हैं।

बीजेपी में शामिल होने के बाद किरण चौधरी ने कहा कि मैं कांग्रेस की बहुत समर्पित कार्यकर्ता थी। मैंने कड़ी मेहनत से अपना जीवन कांग्रेस को समर्पित कर दिया लेकिन कुछ सालों से मैंने देखा कि हरियाणा कांग्रेस एक व्यक्ति-केंद्रित पार्टी बन गई है। वे नहीं चाहते थे कि कांग्रेस आगे बढ़े और उन्होंने ऐसी नीतियों का पालन किया। तो आप समझ सकते हैं कि हरियाणा में कांग्रेस कभी आगे नहीं बढ़ पाती। उनके कारण बड़े नेताओं ने पार्टी छोड़ी। मैंने यह कदम इसलिए उठाया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि मेरे कार्यकर्ताओं को उनका हक, समान अधिकार मिले।

तो वहीं श्रुति चौधरी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री से प्रेरित हूं, जिन्होंने देश के कल्याण के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं और भारत का नाम दुनिया भर में रोशन किया है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि मोदी जी और खट्टर जी ने चौधरी बंसी लाल जी के साथ काम किया है। जिस तरह बंसी लाल ने मेहनत की, हम भी उसी मेहनत से भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

Tags:    

Similar News