महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
By : Tripada Dwivedi
Update: 2025-02-21 05:34 GMT
मुंबई। मुंबई पुलिस को कल गुरुवार को गोरेगांव पुलिस स्टेशन में एक ईमेल प्राप्त हुआ था जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3), 351(4) और 353(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
मुंबई क्राइम ब्रांच और बुलढाणा पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की तफ्तीश करते हुए देउलगांव माही, जिला बुलढाणा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मंगेश अच्युतराव वायल (35) और अभय गजानन शिंगणे (22) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपियों को जल्द ही मुंबई लाया जाएगा, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच जारी है।