राज्यसभा में मुस्लिम आरक्षण को लेकर हुआ हंगामा, भाजपा सांसदों ने कांग्रेस पर जमकर लगाए आरोप

भाजपा ने कांग्रेस पर संविधान बदलने के आरोप लगाए, सदन की कार्यवाही स्थगित;

Update: 2025-03-24 09:15 GMT

नई दिल्ली। हाल ही में कर्नाटक सरकार ने सरकारी ठेकों में मुस्लिमों को 4 फीसदी आरक्षण देने का फैसला लिया था। इसे लेकर राज्यसभा में खूब बवाल मचा, जिसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया। भाजपा ने कांग्रेस पर संविधान बदलने के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सभी आरोपों के जवाब दिए।

नड्डा और रिजिजू ने लगाए आरोप

केंद्रिय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुसलमानों को आरक्षण देने के लिए संविधान बदलने की बात कहते हैं। हम इस बयान को हल्के में नहीं ले सकते। यह बयान किसी आम पार्टी नेता की ओर से नहीं बल्कि सांविधानिक पद पर बैठे किसी व्यक्ति की ओर से आया है। उन्होंने आगे कहा कि धर्म आधारित आरक्षण देने के लिए संविधान में बदलाव करना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। कांग्रेस अध्यक्ष को सदन और देश को बताना चाहिए कि कांग्रेस मुसलमानों को आरक्षण देने के लिए संविधान में बदलाव क्यों करना चाहती है।

वहीं जेपी नड्डा ने आरोप लगाए कि कांग्रेस संविधान को टुकड़े-टुकड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ.आंबेडकर ने भारतीय संविधान बनाते समय स्पष्ट रूप से कहा था कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा। यह भारत के संविधान का एक स्वीकृत सिद्धांत है। कर्नाटक सरकार ने अल्पसंख्यकों को सार्वजनिक अनुबंधों में चार प्रतिशत आरक्षण दिया है। नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष से बयान की मांग की।

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने दिए जवाब

सभी आरोपों के चलते खरगे ने कहा कि डॉ. आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान को कोई नहीं बदल सकता। हम संविधान की रक्षा करने वाले लोग हैं। हम ही वे लोग हैं जिन्होंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की थी और भाजपा वाले वे लोग हैं जो भारत तोड़ो में विश्वास करते हैं। इसके बाद भाजपा सांसदों ने संसद में जमकर नारेबाजी की।

Tags:    

Similar News