दिल्ली में यमुना की सफाई पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी, कहा- नई सरकार से सुधार की उम्मीद

Update: 2025-02-25 13:45 GMT

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को दिल्ली में यमुना नदी की सफाई और जल आपूर्ति को लेकर टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि दिल्ली में सरकार बदलने से यमुना से जुड़े सभी विवाद सुलझ सकते हैं, जिनमें नदी की सफाई और हरियाणा से पानी की उचित आपूर्ति सुनिश्चित करना शामिल है।

बता दें, कि सुप्रीम कोर्ट ने जनवरी 2021 में यमुना नदी के प्रदूषण और जल प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर स्वत: संज्ञान लिया था और तब से इस मामले में समय-समय पर आदेश जारी कर रही है।

यह टिप्पणी यमुना में प्रदूषण और पानी के बंटवारे से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान आई। सुप्रीम कोर्ट ने इस दौरान हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में एक ही राजनीतिक दल की सरकार होने का उल्लेख किया।

तीनों राज्यों में भाजपा की सरकार

मंगलवार को न्यायमूर्ति बीआर गवई ने कहा यमुना दिल्ली में प्रवेश करने से पहले हरियाणा और उत्तर प्रदेश से होकर बहती है। पहले इस नदी के जल प्रबंधन और प्रदूषण पर हरियाणा और यूपी की सरकारों का नियंत्रण था, जबकि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार थी। हाल ही में हुए चुनावों के बाद अब तीनों राज्यों में भाजपा की सरकार बन गई है, जिससे सुप्रीम कोर्ट को उम्मीद है कि यमुना से जुड़े विवादों का समाधान जल्द निकाला जा सकता है।

हालांकि, दिल्ली में यमुना की सफाई को लेकर राजनीति लगातार जारी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर यह आरोप लगाया कि उनकी हरियाणा सरकार ने दिल्ली को आपूर्ति किए जाने वाले यमुना के पानी में "जहर" मिलाया है। इसके बाद केजरीवाल के दावे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी खुद यमुना पहुंचे और पानी पिया। वहीं, इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी केजरीवाल के दावों को 'घृणित' कहा और दावा किया कि वह 11 वर्षों से यमुना का पानी पी रहे हैं।

Tags:    

Similar News