अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जेपी नड्डा ने किया महिला सशक्तिकरण का सम्मान, बोले- 'महिलाओं के बिना जीत संभव नहीं'
नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 'महिला दिवस कार्यक्रम' में केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा शामिल हुए।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार बनाने में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। भाजपा की सरकारों में महिला सीएम और डिप्टी सीएम हैं। पार्टी के पास सबसे ज्यादा महिला सांसद हैं। महिलाओं के बिना जीत पाना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली की महिलाओं का समर्थन नहीं मिलता तो भाजपा की जीत संभव नहीं थी। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं को नमन करते हुए धन्यवाद दिया।
Women-Led Development पर सरकार का फोकस
जेपी नड्डा ने कहा कि हमारी सरकार का फोकस Women-Led Development पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं के लिए नीतियों और योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। नारीशक्ति के विकास से ही दुनिया का विकास संभव है।
महिलाओं के लिए योजनाएं
जेपी नड्डा ने महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना में महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया। नारी शक्ति वंदन योजना में पंचायत से लेकर राष्ट्रपति भवन तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ी। महिला समृद्धि योजना के तहत हर महिला को 2500 रुपये मिलेंगे। इसके लिए सरकार ने 5100 करोड़ रुपये का बजट पास किया है। उन्होंने कहा कि जब नारी शक्ति का विकास होता है, तो देश का विकास होता है।