ओह! एयर इंडिया ने नहीं दिया दादी को व्हीलचेयर, विमान से उतरने के बाद आईसीयू में भर्ती, जानें हवाई यात्रा की दुखद कहानी

Update: 2025-03-08 10:13 GMT

नई दिल्ली। एयर इंडिया एक बार फिर विवाद में आ गया है। दरअसल एक महिला सोशल मीडिया पर दावा किया है कि एयर इंडिया ने उसकी 82 वर्षीय दादी को व्हीलचेयर देने से मना कर दिया, जिसकी वजह से उसकी दादी को पैदल चलना पड़ा और वे गिरकर चोटिल हो गईं। महिला यूजर ने एयरलाइंस पर लापरवाही करने का आरोप लगाया। हालांकि एयरलाइंस ने आरोपों को नकार दिया है।

बुजुर्ग होने के कारण संतुलन खोकर गिरी

बता दें एक महिला यूजर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है। एयर इंडिया ने उन्हें पहले से बुक व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं कराई। इसके चलते उन्हें पैदल जाना पड़ा और उनकी दादी बुजुर्ग होने के कारण संतुलन खोकर गिर गईं। महिला ने बताया कि चोटिल हुईं महिला एक सम्मानित लेफ्टिनेंट जनरल की विधवा हैं। महिला ने पोस्ट में लिखा कि दिल्ली से बंगलूरू आने के दौरान हमने अपनी बुजुर्ग दादी के लिए एयरलाइंस से व्हीलचेयर बुक की थी,महिला यात्री ने आरोप लगाया कि उसकी दादी के गिरने के बाद भी किसी एयर इंडिया स्टाफ ने मदद नहीं की। परिजनों को ही उनकी मदद करनी पड़ी। जब व्हीलचेयर आई तो एयरलाइन ने बिना चिकित्सीय मदद के ही उन्हें विमान में बिठा दिया, महिला यूजर ने दावा किया कि अब उनकी दादी को आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा है क्योंकि उनके दिमाग में रक्त स्त्राव होने की आशंका है। परिवार ने इसकी शिकायत डीजीसीए और एयर इंडिया से भी की है।

एयर इंडिया ने दी सफाई

हालांकि एयरलाइन ने मामले में सफाई देते हुए कहा कि बुजुर्ग महिला अपने परिवार के साथ टर्मिनल पर तय समय से दो घंटे बाद आईं थी। परिजनों ने विमान के उड़ान भरने से 90 मिनट पहले काउंटर पर रिपोर्ट किया था। उस समय व्हीलचेयर की बहुत ज्यादा मांग थी, उन्हें 15 मिनट में व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी गई। यात्री ने जो दावा किया है वह पूरी तरह से आधारहीन है कि उन्हें व्हीलचेयर के लिए एक घंटे इंतजार करना पड़ा। साथ ही एयरलाइन ने कहा कि महिला यात्री ने खुद ही पैदल जाने की बात कही थी, लेकिन दुर्भाग्य से वे गिर गईं। विमान में उड़ान के दौरान उन्हें पूरी मदद करने की कोशिश की गई थी। 

Tags:    

Similar News