Manipur Violence: पंबेई के उग्रवादियों पर हमला करने वाले मैतेई संगठन के सदस्यों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने अरंबाई टेंगोल के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया, गोला-बारूद भी बरामद हुए।;
मणिपुर के इंफाल में प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पंबेई) के उग्रवादियों पर हमला करने वाले मैतेई संगठन अरंबाई टेंगोल के 2 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, शनिवार को अरंबाई टेंगोल के करीब 15-20 सदस्य यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ) के एक उग्रवादी के घर में घुस गए थे। उन्होंने इंफाल घाटी स्थित संगठन के उग्रवादियों पर हमला किया और घर में मौजूद चार यूएनएलएफ (पंबेई) उग्रवादियों को लाठियों से पीटा गया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से कई राउंड फायरिंग भी हुई थी। जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने इन सदस्यों को किया गिरफ्तार
वहीं अब पुलिस ने अरंबाई टेंगोल के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने बिष्नुपुर जिले के कुंबी तेराखोंग से 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान ओइनम अबंग मैतेई, युमलेबम रोमेश सिंह और आरके नेवी मैतेई के तौर पर हुई। उनके पास से 1 एलएमजी, 2 मैगजीन और 20 गोला-बारूद बरामद हुए। इसके अलावा यूएनएलएफ के एक सदस्य को निंगोमवम लमखाई से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी पहचान शगोलशेम प्रबीन सिंह (27) के रूप में की है।