बिहार यूपी के बॉर्डर पर खड़गे ने नीतीश को लिया निशाने पर! कहा- इसलिए बदलते हैं नीतीश

Update: 2025-04-20 10:33 GMT

बक्सर। विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार में सियासी घमासान मचा है। राजनीतिक पार्टी एक दूसरे पर कटाक्ष करने का एक भी मौके नहीं छोड़ती है। वहीं इस बार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अलग रणनीति अपना रही है। हाल ही में राहुल गांधी बिहार दौरे पर गए थे जबकि आज बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज एक दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे।

यह जोड़ी बिहार के विकास के लिए नहीं

बता दें कि खरगे इस यात्रा के दौरान बक्सर पहुंचे जहां वो बीजेपी और जदयू पर जमकर बरसे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार की जोड़ी केवल कुर्सी के लिए है। यह जोड़ी बिहार के विकास के लिए नहीं है। वहीं सीएम नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि वह एक बार इंडिया गठबंधन की गोद में आते हैं। इसके बाद यहां कुछ दिन गुजारने के बाद लगा कि भाजपा आनेवाली है तो वह इधर से उधर चले जाते हैं। यह देश के लिए सही नहीं। वह गरीब, किसान, अछूत, पिछड़ा और अति पिछड़ा को बर्बाद करने लिए उधर जाते हैं

बिहार के उन सभी लोगों को नमन करता हूं

दरअसल, मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मैं बिहार के उन सभी लोगों को नमन करता हूं, जिनके विचार आज देश-दुनिया में याद किए जाते हैं। महात्मा गांधी ने सत्याग्रह आंदोलन भी बिहार के चंपारण से शुरू किया था। यह आंदोलन आजादी की लड़ाई से जुड़ा था। अब हम जय बापू, जय भीम और जय संविधान रैली को लेकर इस महान धरती पर आए हैं और जो कि हमारा सौभाग्य है।

उन्होंने आगे कहा कि मैं अपने आप को भाग्यशाली मानता हूं कि आज गंगा जी के तट पर बसे इस क्षेत्र में आने का अवसर मिला, जो संविधान सभा के प्रोटेम अध्यक्ष सच्चिदानंद सिन्हा की भूमि भी है।

कानून को लेकर सालों से झगड़ा नहीं था

हालांकि इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने जबरन वक्फ संशोधन कानून बनाया। जिस कानून को लेकर सालों से झगड़ा नहीं था, अब वहां झगड़ा करना चाहते हैं। आरएसएस और भाजपा गरीबों, पिछड़ों, महिलाओं के दोस्त हो नहीं सकते। मनु स्मृति का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षित नहीं करना चाहिए। पवित्र काम में शामिल नहीं करना चाहिए जबकि बाबा साहेब डॉ भीम राव अम्बेडकर ने इन्हें सम्मान दिया।

Tags:    

Similar News