PM मोदी ने मॉस्को में भारत और रूस के संबंधों के लिए राष्ट्रपति पुतिन की सराहना की, कहा- दो दशकों से भी ज्यादा समय तक मजबूत साझेदारी

Update: 2024-07-09 06:42 GMT

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार को रूस के मॉस्को में भारतीय समुदाय के बीच पहुंचे। यहां वह रूस में बसे भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं आप सभी का यहां आने के लिए धन्यवाद करना चाहता हूं। मैं यहां अकेला नहीं आया हूं, मैं बहुत कुछ लेकर आया हूं। मैं अपने साथ भारत की मिट्टी की खुशबू लेकर आया हूं। मैं अपने साथ 140 करोड़ देशवासियों का प्यार लेकर आया हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि आज 9 जुलाई है, आज के ही दिन मुझे शपथ लिए पूरा एक महीना हुआ है। आज से ठीक 1 महीने पहले मैंने भारत के पीएम पद की शपथ ली थी। उसी दिन मैंने एक प्रण लिया था कि अपने तीसरे टर्म में मैं तीन गुनी ताकत से काम करूंगा, तीन गुनी रफ्तार से काम करूंगा।

उन्होंने कहा कि ये भी एक संयोग है कि सरकार के कई लक्ष्यों में भी 3 का अंक छाया हुआ है। सरकार एक लक्ष्य है, तीसरे टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनाना। सरकार का लक्ष्य है, तीसरे टर्म में गरीबों के लिए 3 करोड़ घर बनाना। सरकार का लक्ष्य है, तीसरे टर्म में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाना।

उन्होंने कहा कि आप सब जानते हैं कि आज का भारत जो लक्ष्य ठान लेता है, वो पूरा करके ही रहता है। आज भारत वो देश है, जो चंद्रयान को चंद्रमा पर वहां पहुंचाता है, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंच सका। आज भारत वो देश है, जो डिजिटल ट्रांजेक्शन का सबसे रिलायबल मॉडल दुनिया को दे रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत वो देश है जहां दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इको सिस्टम है। 2014 में जब आप लोगों ने मुझे पहली बार देश की सेवा करने का मौका दिया तब कुछ सैकड़ों में स्टार्ट-अप हुआ करते थे, आज लाखों में है। आज भारत वो देश है जो रिकॉर्ड संख्या में पेटेंट फाइल कर रहा है, रिसर्च पेपर पब्लिश कर रहा है और यही मेरे देश के युवाओं की शक्ति है। दुनिया भी हिंदुस्तान के नौजवानों के टैलेंट को देख कर अचंभित है।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में देश ने विकास की जो रफ्तार पकड़ी है उसे देख कर दुनिया हैरान है। दुनिया के लोग जब भारत आते हैं तो कहते हैं भारत बदल रहा है। वो ऐसा क्या देख रहे हैं? भारत का कायाकल्प, भारत का नवनिर्माण वो साफ-साफ देख पा रहे हैं। भारत सिर्फ 10 वर्षों में अपने एयरपोर्ट की संख्या को दोगुना कर देता है तो दुनिया कहती है कि भारत सच में बदल रहा है। जब भारत सिर्फ 10 साल में 40,000 किलोमीटर से ज्यादा रेल लाइन का इलेक्ट्रिफिकेशन कर देता है तो दुनिया को भारत की ताकत का अनुभव होता है। आज भारत डिजिटल पेमेंट्स के नए रिकॉर्ड बना रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और रूस के संबंधों के लिए मैं राष्ट्रपति पुतिन की सराहना करूंगा। उन्होंने दो दशकों से भी ज्यादा समय तक इस साझेदारी को मजबूती देने के लिए शानदार काम किया है। पिछले 10 सालों में मैं छठी बार रूस आया हूं और इन सालों में हम एक दूसरे से 17 बार मिले हैं। ये सारी बैठकें विश्वास और आदर को बढ़ाने वाली रही हैं। जब हमारे छात्र संघर्ष के बीच फंसे थे तब राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें भारत पहुंचाने में मदद की थी इसके लिए मैं उनका एक बार फिर आभार व्यक्त करता हूं।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को रूस के मॉस्को पहुंचे थे। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर भव्य स्वागत किया गया था। रूस के राष्‍ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को अपने घर चाय और खाने पर बुलाया। यहां दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों पर अनौपचारिक बातचीत हुई।

Tags:    

Similar News