Bageshwar News: युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष का पुतला फूंका, प्रदर्शन

Update: 2023-11-24 09:16 GMT

बागेश्वर। हिंदू जागरण मंच युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष नवीन रौतेला की नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस हमलावर हो गई है। कांग्रेसियों ने युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष के कृत्य की निंदा करते हुए पुतला दहन किया। प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों के लिए राज्य सरकार के खिलाफ भी नाराजगी प्रकट करते हुए नारेबाजी की।


कांग्रेसियों ने एसबीआई तिराहे पर पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं और अपराधियों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं। हिजामं युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष ने ट्यूशन पढ़ाने के नाम पर नाबालिग किशोरी के साथ जिस तरह का घिनौना कृत्य किया है वह बेहद निंदनीय है। कहा कि भाजपा से जुड़े संगठन के नुमाइंदों का इस तरह के कृत्य में लिप्त होना प्रदेश की हकीकत को भी दर्शा रहा है। प्रदेश सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने में सफल नहीं हो रही है। पूरे प्रदेश में निरंकुशता बढ़ रही है। जब तक पीड़ित किशोरी को न्याय नहीं मिलेगा, कांग्रेस पूरे प्रदेश में धरना-प्रदर्शन करेगी।


इस मौके पर जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, राजेंद्र टंगड़िया, कवि जोशी, सुनील भंडारी, विनोद पाठक आदि मौजूद रहे।


कोट


घटना बेहद निंदनीय है। हिंदू जागरण मंच युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष नवीन रौतेला को विधानसभा उप चुनाव में पद से हटा दिया गया था। तब उस पर राजनीतिक पार्टियों का प्रचार करने का आरोप लगा था। उससे संगठन का कोई लेना देना नहीं है। आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

Tags:    

Similar News