IPL 2025: सीएसके में दक्षिण अफ्रीका के 'जूनियर एबी' की हुई एंट्री, क्या चेन्नई की डूबती नैया को पार लगा पाएंगे युवा बल्लेबाज?
आईपीएल 2025। इस साल आईपीएल में धोनी की सीएसके कुछ खास कमाल नहीं कर पाई है। लेकिन धोनी के कप्तानी के कमान संभालते ही सीएसके के फैंस किसी चमत्कार की उम्मीद लगा रहे हैं। दरअसल, इस बीच सीएसके के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। धोनी की टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स ने मास्टर स्ट्रोक खेला है।
ब्रेविस 2.2 करोड़ रुपये में चेन्नई में शामिल हुए
बता दें कि चेन्नई ने आज चोटिल तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह की जगह दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को टीम में शामिल किया है। ब्रेविस 2.2 करोड़ रुपये में चेन्नई में शामिल हुए हैं। दुनिया के सबसे रोमांचक युवा क्रिकेटरों में से एक डेवाल्ड ब्रेविस को जूनियर एबी के नाम से भी जाना जाता है। ब्रेविस दुनिया भर की फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट में खेल चुके हैं। वह आईपीएल में भी खेल चुके हैं। हालांकि आईपीएल में ब्रेविस मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं।
डेवाल्ड ब्रेविस ने इसी साल 2025 में दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग में 184.17 के स्ट्राइक रेट से 291 रन बनाए थे। वह इस लीग में MI केपटाउन के लिए खेले थे और टीम को चैंपियन बनाने में अहम रोल अदा किया था। वह लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में छठे स्थान पर रहे थे।
ब्रेविस आईपीएल 2025 की मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे
आईपीएल ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2025 के बचे हुए मैचों के लिए चोटिल गुरजपनीत सिंह की जगह दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस को शामिल करने का फैसला किया है।
21 साल के डेवाल्ड ब्रेविस इससे पहले 2022 और 2024 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे और उन्होंने 10 मैच खेले थे। उन्होंने 81 टी20 मैच खेले हैं और 1787 रन बनाए हैं। ब्रेविस आईपीएल 2025 की मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे।