मोहम्मद शमी के रोजा न रखने पर विवाद, इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष ने कहा- शमी ने किया गुनाह

Update: 2025-03-06 08:21 GMT

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के रमजान के दौरान रोजा न रखने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने इसे गुनाह बताया है और इस पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि रमजान के दौरान रोजा रखना इस्लाम में अनिवार्य कर्तव्यों में से एक है और अगर कोई स्वस्थ व्यक्ति इसे नहीं रखता, तो यह गुनाह माना जाता है।

क्या कहा मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने?

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि रमजान के दौरान रोजा रखना इस्लाम में अनिवार्य कर्तव्यों में से एक है। अगर कोई स्वस्थ पुरुष या महिला रोजा नहीं रखता है, तो वह बड़ा अपराधी है। भारत के प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद शमी ने मैच के दौरान पानी या कोई अन्य पेय पदार्थ पी लिया।

उन्होंने आगे कहा कि अगर वह खेल रहे हैं, तो इसका मतलब है कि वह स्वस्थ हैं। ऐसे में उन्होंने रोजा नहीं रखा और पानी भी पी लिया, जिससे लोगों में गलत संदेश गया। शरीयत की नजर में उन्होंने गुनाह किया है और उन्हें खुदा को जवाब देना होगा।

Tags:    

Similar News