राज्य कर्मचारियों को संपत्ति का विवरण देने की समय अवधि 15 फरवरी तक बढ़ी
लखनऊ। राज्य कर्मचारियों को संपत्ति का विवरण देने की समय अवधि बढ़ी गई है। अब 15 फरवरी तक संपत्ति का विवरण नहीं देने वाले राज्य कर्मचारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का फैसला लिया गया है।
मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने राज्य कर्मचारियों को संपत्ति का विवरण देने के लिए 15 फरवरी तक का समय दिया है। मुख्य सचिव ने कहा कि साफ निर्देशों के बाद भी कई विभागों के अधिकारियों की गोपनीय प्रविष्टियां अपलोड नहीं की गई हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। बृहस्पतिवार को निर्देश जारी करते हुए कहा कि 31 जनवरी तक मानव संपदा पोर्टल पर संपत्ति का विवरण देने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन इस तारीख तक 831844 अधिकारियों व कर्मचारियों में से 593873 ने ही संपत्ति का विवरण दिया। इसलिए अब इसे 15 फरवरी तक बढ़ा दिया गया है। आनलाइन गोपनीय प्रविष्टियां दाखिल करने की तारीख 28 फरवरी तक बढ़ी समूह क और ख के अधिकारियों के लिए मानव संपदा पोर्टल पर सालाना आनलाइन गोपनीय प्रविष्टियां दाखिल करने की समयावधि को बढ़ाकर 28 फरवरी कर दिया गया है।