शशि थरूर ने अवैध रूप से मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की, जानें लोकसभा में क्या बोले
थरूर ने कहा बाहरी लोगों के मछली पकड़ने से छोटे मछुआरों पर पड़ रहा असर;
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केरल में अवैध रूप से मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने सरकार से तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना को शामिल करने की बात कही।
लोकसभा में बोले शशि थरूर
सांसद शशि थरूर ने लोकसभा में अवैध रूप से मछली पकड़ने और बुल ट्रॉलिंग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भारत सरकार ने हमारे विशेष आर्थिक क्षेत्र में भारतीय जल में मछली पकड़ने के लिए बुल ट्रॉलिंग और कृत्रिम रोशनी या एलइडी लाइट का उपयोग करके मछली पकड़ने के तरीकों पर प्रतिबंध लगा दिया था, लेकिन केरल में अभी भी ये सब हो रहा है।
साथ ही उन्होंने कहा कि बाहरी लोगों के बड़े पैमाने पर मछली पकड़ने आने की वजह से मछली और समुद्री संसाधन खतरे में आ रहे हैं। वहीं छोटे मछुआरों की आजीविका पर भी इसका प्रभाव पड़ रहा है। इसे रोकने के लिए थरूर ने मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री से तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना को इस मामले में शामिल करने की मांग की। साथ ही सरकार से बुल ट्रॉलिंग और एलईडी लाइट का उपयोग करके मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की।