कर्नाटक में बच्ची के अपहरण और हत्या के आरोपी की मुठभेड़ में मौत
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ।;
कर्नाटक के हुबली में पांच साल की बच्ची के अपहरण और हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ।
35 वर्षीय आरोपी नितेश कुमार को पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन उसने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, चेतावनी के तौर पर हवा में फायरिंग के बावजूद वह भागने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज था।
हुबली के पुलिस प्रमुख शशि कुमार ने बताया, “नितेश कुमार बिहार के पटना का रहने वाला था। पुलिस उसकी पहचान की पुष्टि के लिए उसे उसके ठिकाने पर ले जा रही थी, तभी उसने टीम पर हमला किया। इस दौरान उसने पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचाया।”
पुलिस प्रमुख ने आगे बताया, “जब वह भागने की कोशिश कर रहा था, तब एक पुलिसकर्मी ने पहले हवा में फायर किया। लेकिन उसके न रुकने पर दो और गोलियां चलाई गईं। घायल होने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”
सब-इंस्पेक्टर अन्नपूर्णा ने आरोपी पर दो गोलियां चलाईं, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे फिर से पकड़ा।
नितेश कुमार ने जिस बच्ची का अपहरण किया था, उसकी पहले कथित तौर पर यौन शोषण किया और फिर हत्या कर दी थी। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग न्याय की मांग को लेकर हुबली के अशोक नगर थाने के सामने इकट्ठा हो गए थे।
पीड़िता का परिवार कोप्पल जिले का रहने वाला है। उसकी मां घरों में काम करती हैं और एक ब्यूटी पार्लर में सहायक के रूप में भी काम करती हैं। पिता एक पेंटर हैं।
घटना वाले दिन मां अपनी बेटी को साथ काम पर ले गई थीं। वहीं से एक अज्ञात व्यक्ति बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया।
बाद में बच्ची पास के ही एक टीन की छत वाले मकान के बाथरूम में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे।