ममता बनर्जी ने बीजेपी पर मतदाता सूची में गड़बड़ी का लगाया आरोप, भाजपा को दी चेतावनी, जानें क्या बोलीं
कोलकाता। ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। दरअसल महाराष्ट्र और हरियाणा के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी मतदाता सूची को लेकर सियासत शुरू हो गई है। उन्होंने बीजेपी पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची में हेराफेरी करने का आरोप लगाया। वहीं भाजपा को चेतावनी देते हुए सीएम ने कहा कि अगर चुनाव आयोग के द्वारा मतदाता सूची में गड़बड़ियों को जल्द से जल्द दूर नहीं किया गया तो वह आयोग के दफ्तर के बाहर अनिश्चितकालीन तक धरना देंगी।
बता दें उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए बड़ा आरोप लगाया है। कोलकाता में टीएमसी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, मेरे पास सबूत हैं कि बंगाल में मौजूद एक एजेंसी बंगाल के मतदाताओं के नाम हरियाणा, गुजरात और अन्य राज्यों के लोगों के साथ बदल रही है, जबकि वोटर आईडी कार्ड नंबर वही है। इतना ही नहीं ममता ने दावा किया कि, यह सीधे दिल्ली से किया जा रहा है। ऐसा करके, भाजपा महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली में जीत हासिल की है। आपकी दो जिम्मेदारियां हैं- भाजपा को हराना और बंगाल को फिर से जिताना। चिंता न करें, हम फिर से जीतेंगे। हम बंगाल हैं, दिल्ली या महाराष्ट्र नहीं।
मतदाता सूची की जांच करने की अपील
दरअसल ममता ने पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में मतदाता सूची में गड़बड़ियों की जांच के लिए एक समिति गठित की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने महाराष्ट्र और दिल्ली के चुनावों में गड़बड़ी करने के लिए मतदाता सूची में फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े, जो ज्यादातर हरियाणा और गुजरात के थे। भाजपा पश्चिम बंगाल में भी ऐसी ही चाल चल रही है। ममता ने दावा किया कि भाजपा ने महाराष्ट्र और दिल्ली के चुनावों में मतदाता सूची में हेराफेरी कर जीत हासिल की।
सीएम ममता ने बंगाल की जनता से मतदाता सूची की जांच करने की अपील की है । इसके साथ ही ममता ने कहा कि किसी दिन एनआरसी और सीएए के नाम बंगाल के असली मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए जाएंगे। भाजपा एकमात्र मकसद तृणमूल कांग्रेस को हराना और मतदाता सूची से असली लोगों के नाम हटाना है।
ममता के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा में शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। भाजपा में शामिल करने की अफवाहों पर अभिषेक ने कहा कि वह 'ममता बनर्जी जिंदाबाद' ही बोलेंगे, भले ही उनका गला काट दिया जाए।