बीसीसीआई ने जारी की महिलाओं की केंद्रीय अनुबंध सूची, 16 खिलाड़ियों को मिली जगह
हरलीन के अच्छे प्रदर्शन के बाद भी केंद्रीय अनुबंध सूची में नहीं मिली जगह।;
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने साल 2024-25 के लिए महिला क्रिकेटर्स के लिए केंद्रीय अनुबंध सूची जारी की। इसमें ग्रेड ए, बी और सी में 16 खिलाड़ियों को शामिल किया गया। सूची में हरलीन देओल का नाम शामिल नहीं किया गया। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृती मंदाना और ऑलराउंडर दीप्ती शर्मा ने अपनी जगह ए ग्रेड में बरकरार रखी। केंद्रीय अनुबंध में ए ग्रेड में शामिल महिला क्रिकेटर को सालाना 50 लाख, ग्रेड बी की क्रिकेटर को 30 लाख और ग्रेड सी की क्रिकेटर को 10 लाख रुपये दिए जाते हैं।
किन खिलाड़ियों ने बनाई जगह?
ग्रेड ए में हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा शामिल हैं। वहीं ग्रेड बी में रेणुका ठाकुर, जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष और शेफाली वर्मा ने जगह बनाई। इसके अलावा ग्रेड सी में राधा यादव, यास्तिका भाटिया, श्रेयंका पाटिल, टिटस साधू, अमनजोत कौर, उमा छेत्री, अरुंधति रेड्डी, स्नेह राणा और पूजा वस्त्राकर के नाम शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों को नहीं मिली जगह
स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ अपना स्थान सूची में बरकरार नहीं रख सकीं। जो खिलाड़ी इस सूची में अपनी जगह नहीं बना सकीं उनमें मेघना सिंह, सबनेनी मेघना, देविका वैद्य, अंजलि सरवानी और हरलीन देओल शामिल हैं। हरलीन के अच्छे प्रदर्शन के बाद भी केंद्रीय अनुबंध से उनका बाहर होना थोड़ा हैरान करने वाला है।