ऋषि दयानंद सरस्वती की 201वीं जयंती पर निकाली गई जनजागरण यात्रा, किया गया महायज्ञ
-देश की आजादी में महर्षि दयानंद व आर्य समाज का उल्लेखनीय योगदान - ओम पाल शास्त्री
गाजियाबाद। महर्षि दयानंद सरस्वती की 201वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को आर्य समाज समर्पण शोध संस्थान, साहिबाबाद ने वृंदावन ग्रीन साहिबाबाद सोसाइटी से जनजागरण यात्रा निकाली। इस यात्रा का उद्घाटन केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष प्रवीण आर्य ने किया।
जनजागरण यात्रा राधे श्याम पार्क से होते हुए आर्य समाज समर्पण शोध संस्थान, राजेंद्र नगर सेक्टर-5 के प्रांगण में संपन्न हुई। वहां आचार्य वेद प्रकाश शास्त्री के ब्रह्मत्व में महायज्ञ किया गया। इस यज्ञ के मुख्य यजमान अमिता आर्या एवं देवेंद्र आर्य रहे। यज्ञ के उपरांत उन्होंने यजमानों को आशीर्वाद प्रदान कर उनके सुखद जीवन की प्रभु से प्रार्थना की।
जनजागरण यात्रा के मार्ग में गणमान्य एवं वरिष्ठ नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। ऋतम आर्य के नेतृत्व में आर्य वीरों ने भगवा ध्वज के साथ यात्रा में 'आर्य समाज अमर रहे' और 'ऋषि दयानंद की जय' के गगनभेदी नारे लगाकर वेद मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
महर्षि दयानंद व आर्य समाज का योगदान
वैदिक विद्वान आचार्य ओमपाल शास्त्री ने महर्षि दयानंद सरस्वती की 201वीं जयंती की सभी को बधाई देते हुए कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में महर्षि दयानंद व आर्य समाज का उल्लेखनीय योगदान रहा है। स्वामी दयानंद से प्रेरणा लेकर हजारों नौजवान आजादी की लड़ाई में कूद पड़े थे। कांग्रेस के इतिहासकार बी. पट्टाभि सीतारमैय्या ने भी लिखा था कि देश की आज़ादी में 80% आर्य समाज के लोग शामिल थे।
यज्ञ और योग का महत्व
योगी प्रवीण आर्य ने कहा कि यज्ञ और योग समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं, क्योंकि ये दोनों ही सभी को समान रूप से लाभ प्रदान करते हैं। यज्ञ जहां वायुमंडल को शुद्ध करता है, वहीं अग्नि जीवन में ऊर्ध्वगति (ऊपर उठने) की प्रेरणा देती है। योग समाज को संगठित करने और जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि ओ३म् की पावन पताका के नीचे पूरे हिंदू समाज को संगठित करना आवश्यक है। तभी हम राष्ट्र रक्षा कर पाएंगे।
इस अवसर पर के. के. यादव, मास्टर विजेंद्र आदि गायकों ने भजन प्रस्तुत कर ऋषि महिमा का गुणगान किया। इस अवसर पर जगवीर सिंह आर्य, राम पाल चौहान, विजेंद्र आर्य, राज कुमार आर्य, जगदीश सैनी, प्रमोद चौधरी, सत्यवीर सैनी, डॉ. प्रमोद सक्सेना एवं कविता राठी (मंत्री, आर्य समाज, लाजपत नगर) अपने साथियों सहित उपस्थित रहीं।
युवा पीढ़ी को प्रेरणा देने की अपील
मंच का कुशल संचालन कर रहे जिला मंत्री सुरेश आर्य ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद व्यक्त किया और युवाओं को महर्षि दयानंद सरस्वती के जीवन चरित्र को पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि पहले की तरह प्रत्येक घर में हवन-यज्ञ किए जाएं तो पर्यावरण शुद्ध होगा और लोग बीमारियों से मुक्त हो जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि युवा पीढ़ी निरोग, स्वस्थ, बलवान एवं समृद्ध होकर भारत को पुनः 'विश्व गुरु' बना सकती है।