रामायण की शबरी वाले सोनू सूद के बयान पर कंगना रनौत ने कसा तंज, कहा- वाह क्या बात है बॉलीवुड से एक और रामायण

Update: 2024-07-20 12:57 GMT

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो छाया हुआ है जिसमें एक फूड वेंडर को ग्राहकों के खाने में थूकते देखा गया है। इस वीडियो पर बॉलीवुड एक्टर और समाज सेवक सोनू सूद ने एक विवादास्पद बयान दे दिया। उन्होंने इस फूड वेंडर की तुलना रामायण की शबरी से कर दी जिसके बाद वह सोशल मीडिया पर कई लोगों और कई राजनेताओं के निशाने पर आ गए। वहीं इस पर विवाद बढ़ने के बाद एक्टर सोनू सूद ने एक नया पोस्ट कर अपनी सफाई पेश की है।

सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर सफाई देते हुए कहा कि मैंने खाने में थूकने वालों को कभी सही नहीं बताया। वो उनका चरित्र है जो कभी नहीं बदलेगा। इसके लिए उन्हें कड़ी सजा भी दें। लेकिन इंसानियत को इंसानियत ही रहने दें दोस्त। जितना समय हम एक दूसरे को समझाने में लगे हैं उतना समय ज़रूरतमंद लोगों पे लगा दें। वैसे आप सब के लिए बता दूं कि यूपी सरकार के काम का मैं सबसे बड़ा प्रशंसक हूं। यूपी, बिहार का हर घर मेरा परिवार है। याद रहे राज्य, शहर, धरम कोई भी हो कोई जरूरत रहे तो बता देना। नंबर वही है। तो वहीं भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने सोनू सूद पर निशाना साधते हुए अपने पोस्ट में कहा है कि अब सोनू जी जल्द ही भगवान और धर्म को लेकर अपनी धारणाओं और अपने विचारों पर एक नई रामायण बनाएंगे। वाह क्या बात है बॉलीवुड से एक और रामायण।

दरअसल इस विवाद की शुरुआत एक दुकानदार के वीडियो से हुई है जिसे सुधीर मिश्रा नाम के एक यूजर ने एक्स पर शेयर किया था। इस वीडियो में एक दुकानदार ग्राहकों के लिए बनाई जाने वाली रोटी पर थूकते दिख रहा है। सोनू सूद ने सुधीर मिश्रा के इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर कहा कि हमारे श्री राम जी ने शबरी के झूठे बेर खाए थे तो मैं क्यों नहीं खा सकता। हिंसा को अहिंसा से पराजित किया जा सकता है मेरे भाई। बस मानवता बरकरार रहनी चाहिए। जय श्री राम।

Tags:    

Similar News