Begin typing your search above and press return to search.
दुनिया

G20: व्लादिमीर पुतिन जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत नहीं आएंगे, रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने की पुष्टि

Abhay updhyay
25 Aug 2023 11:39 AM GMT
G20: व्लादिमीर पुतिन जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत नहीं आएंगे, रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने की पुष्टि
x

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले महीने दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुतिन सितंबर में G20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत की यात्रा की योजना नहीं बना रहे हैं। अभी उनका मुख्य फोकस एक खास सैन्य ऑपरेशन पर है. बता दें कि मॉस्को और कीव के बीच 24 फरवरी 2022 से भीषण युद्ध चल रहा है।

इस साल सितंबर में भारत में जी-20 शिखर सम्मेलन होने वाला है, जिसकी तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। सम्मेलन को लेकर भारत ने जी20 के सभी सदस्य देशों, आमंत्रित लोगों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के नेताओं को निमंत्रण भेजा था. हालाँकि, इस बात की पुष्टि नहीं हुई कि पुतिन शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे या नहीं।

इससे पहले पुतिन दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन में भी नहीं पहुंचे थे. उन्होंने 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को वर्चुअल तरीके से संबोधित किया. अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) ने पुतिन को युद्ध अपराध, नरसंहार और बच्चों को यूक्रेन में जबरन स्थानांतरित करने का दोषी ठहराया है। माना जा रहा है कि इसीलिए पुतिन गिरफ्तारी से बचने के लिए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में सशरीर नहीं पहुंचे.

भारत फिलहाल जी-20 की मेजबानी कर रहा है. यह समूह विश्व की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का एक अंतरसरकारी मंच है। ये सदस्य वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 85 प्रतिशत, वैश्विक व्यापार का 75 प्रतिशत से अधिक और विश्व की लगभग दो-तिहाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ शामिल हैं।

Abhay updhyay

Abhay updhyay

    Next Story