Begin typing your search above and press return to search.
उत्तराखंड

उत्तराखंड में कांग्रेस की पहली रैली 13 अप्रैल को, प्रियंका गांधी करेंगी संबोधित

Neelu Keshari
10 April 2024 10:50 AM GMT
उत्तराखंड में कांग्रेस की पहली रैली 13 अप्रैल को, प्रियंका गांधी करेंगी संबोधित
x

-कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी रामनगर और रुड़की में करेगी चुनावी रैली, पार्टी प्रत्याशी के लिए मांगेंगी वोट

देहरादून। कांग्रेस की स्टार प्रचारक और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की 13 अप्रैल को गढ़वाल संसदीय क्षेत्र के रामनगर और हरिद्वार सीट के रुड़की में चुनावी रैली होने वाली है। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

बता दें कि चुनावी घोषणा के बाद कांग्रेस की यह पहली चुनावी रैली होगी। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने बताया कि 13 अप्रैल को राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की चुनावी जनसभा का कार्यक्रम तय हो गया है। गढ़वाल सीट के रामनगर में पार्टी प्रत्याशी गणेश गोदियाल के लिए वोट मांगा जाएगा। इसी दिन हरिद्वार सीट के रुड़की में चुनावी जनसभा में पार्टी प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह के लिए भी प्रचार किया जाएगा।

प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली से हेलिकॉप्टर से करीब 11.50 बजे राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ग्राउंड, रामनगर (नैनीताल) पहुंच कर जनसभा को संबोधित करेंगी। इसी दिन दोपहर तीन बजे डीएवी ग्राउंड रुड़की (हरिद्वार) में चुनावी जनसभा आयोजित की जाएगी।

जोशी ने बताया कि प्रियंका गांधी की चुनावी जनसभा के लिए पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि इन चुनावी जनसभाओं में दोनों लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि पूरे जोश के साथ प्रियंका गांधी की चुनावी जनसभा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जाएं।

Next Story