Begin typing your search above and press return to search.
उत्तराखंड

Almora Weather: सर्दी की पहली बारिश से तापमान लुढ़का, लोगों ने निकाले गर्म कपड़े, बढ़ी ठंड

Abhay updhyay
17 Oct 2023 1:16 PM GMT
Almora Weather: सर्दी की पहली बारिश से तापमान लुढ़का, लोगों ने निकाले गर्म कपड़े, बढ़ी ठंड
x

अल्मोड़ा जिले में कई स्थानों पर हुई सर्दी की पहली झमाझम बारिश से तापमान लुढ़क गया है। इससे ठंड में इजाफा हो गया है। ठंड बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।

सोमवार सुबह मौसम साफ रहा। धूप खिलने से लोगों को राहत मिली। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान बादलों से गिर गया। दोपहर एक बजे बारिश होने लगी। कुछ देर हल्की बारिश होने के बाद फिर तेज बारिश हुई।

झमाझम बारिश होने से ठंड में इजाफा हो गया है। ठंड के चलते लोगों ने स्वेटर, जैकेट, टोपी समेत अन्य गर्म कपड़े निकाल लिए। बारिश के दौरान नगर के माल रोड समेत अन्य मार्गों पर लोगों की आवाजाही थम गई। बाजारों में भीलोगों की आवाजाही कम रही। ठंड के चलते शाम को नगर की बाजारों में भी दुकानों के शटर भी अन्य दिनों की अपेक्षा जल्दी बढ़ गए। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रविवार को यहां का अधिकतमतापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस था।

सात घंटे गुल रही बिजली, लोग परेशान

यूपीसीएल ने जिलेभर में 33 और 11 केवी लाइन को छू रहे पेड़ों की लाॅपिंग की। इस वजह से लमगड़ा, जैंती, जमाड़, संग्रोली, ताकुला, बसोली में सात घंटे बिजली गुल रही। इससे सात हजार से अधिक की आबादी बिना बिजली परेशान रही।

सोमवार को पेड़ों की लाॅपिंग करने की वजह से यूपीसीएल की ओर से सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक शटडाउन लिया गया था। इस कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने से साइबर कैफे सहित अन्य बिजली संचालित उपकरण ठप रहे और कारोबारियों को नुकसान झेलना पड़ा।

यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता कन्हैया जी मिश्रा ने बताया कि दीपावली त्योहार पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति बनी रहे इसके लिए पेड़ों की लाॅपिंग की जा रही है। इस वजह से शटडाउन लेना पड़ता है। इससे आपूर्ति बाधित रही। काम पूरा होने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।

बागेश्वर में तेज हवा के साथ बारिश

बागेश्वर जिला मुख्यालय के साथ सोमवार को पूरे जिले में तेज हवा के साथ बारिश हुई। हिमालयी क्षेत्र से सटे इलाकों में बर्फबारी होने की सूचना है। बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आ गई है। सोमवार को बागेश्वर का अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस था। सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे। सुबह 10 बजे मौसम खुला। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली। तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।

जिला मुख्यालय के साथ कपकोट, कांडा, गरुड़, कौसानी क्षेत्र में बारिश हुई। बारिश तेज नहीं थी लेकिन देर शाम तक रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। हिमालयी क्षेत्र से सटे खाती, बदियाकोट, कर्मी क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर हिमपात की सूचना है। आबादी वाले इलाकों में हिमपात की सूचना नहीं है। मौसम ऐसा ही बना रहा तो देर रात तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है। बारिश, बर्फबारी के कारण ठंड में काफी इजाफा हो गया है। बारिश के कारण बाजारों में सुनसानी छा गई। पहली ही बारिश में गर्म कपड़े निकल गए हैं।

Abhay updhyay

Abhay updhyay

    Next Story