Begin typing your search above and press return to search.
उत्तराखंड

2047 तक हर क्षेत्र में नंबर वन का लक्ष्य, पुलिस विज्ञान कांग्रेस में बोले गृह मंत्री अमित शाह

Harish Thapliyal
8 Oct 2023 5:30 AM GMT
2047 तक हर क्षेत्र में नंबर वन का लक्ष्य, पुलिस विज्ञान कांग्रेस में बोले गृह मंत्री अमित शाह
x

देहरादून। उत्तराखंड में 49वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया गया। उत्तराखंड में यह अमृतकाल की पहली पुलिस विज्ञान कांग्रेस है। दरअसल भारत आजादी के अमृत महोत्सव को मना रहा है। ऐसे में 49 वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस को अमृत काल में पुलिसिंग थीम दी गई है। इस दौरान 6 विषयों पर मंथन कर चर्चा की गई। इस आयोजन के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह देहरादून पहुंचे। उन्होंने देशभर के पुलिस अधिकारियों को महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।

देहरादून FRI में हुए अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस में आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत प्रदेश और देश भर के अधिकारी मौजूद रहे।इस दौरान आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और इसके लिए पुलिस को हर लिहाज से तैयार रहने को लेकर चर्चा की गई। हालांकि, पुलिस विज्ञान कांग्रेस में 5G युग में पुलिस व्यवस्था, नारकोटिक्स, पुलिस और केंद्रीय बलों के बीच समन्वय, एनसीआरबी, आंतरिक सुरक्षा और सोशल मीडिया की चुनौतियां, सामुदायिक पुलिसिंग जैसे विषयों पर चर्चा की गई।इस सबके बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश भर के पुलिस अधिकारियों को भारत की कानून व्यवस्था को मजबूत करने और केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रयासों को राज्यों से प्रत्येक थानों तक पहुंचाने का भी संदेश दिया।

इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश भर से आए पुलिस अधिकारियों खास तौर पर युवा अफसर को संबोधित किया। उन्होंने कहा आने वाले 25 साल देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी 2047 तक देश को हर क्षेत्र में नंबर वन करने का लक्ष्य रखा है। किसी भी देश का विकास उसे देश की आंतरिक और सीमा की सुरक्षा पर भी निर्भर करता है। लिहाजा देश में राज्यों को भी अहम भूमिका निभानी होगी। हर थाने तक सुरक्षा के उन मापदंडों को पहुंचना होगा। जिसके लिए प्रयास हो रहा है।

अमित शाह ने कहा अब आतंकवाद को पूरी तरह से खत्म करने का समय आ गया है। इसके लिए राज्यों की पुलिस को जीरो टॉलरेंस की नीति से आगे बढ़कर जीरो टॉलरेंस एक्शन और जीरो टोलरेंस स्ट्रेटजी की दिशा में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा उन्हें उम्मीद है कि राज्य पुलिस आपस में समन्वय बढ़ाएंगी, राष्ट्रीय रक्षा शक्ति यूनिवर्सिटी और फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी के साथ पुलिस खुद को संबंद्ध करेगी। अमित शाह ने युवा अफसर को संबोधित करते हुए कहा राज्य पुलिस को साइबर सुरक्षा ऑडिट पर ध्यान देना चाहिए। सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग और वीजा लेकर भारत में आने वाले लोगों की भी मॉनिटरिंग करनी चाहिए। उन्होंने युवा अफसर ऑन को देश के कानूनी सिस्टम को बेहतर करने के लिए प्रयास करने के लिए कहा और इसके लिए राज्य स्तर पर थानों तक भी इसी स्प्रिट को पहुंचाने की भी उम्मीद जताई।

Harish Thapliyal

Harish Thapliyal

    Next Story