
गाजियाबाद उपचुनाव: विधायकी का ताज किसके सिर होगा, ढाई बजे तक पता चलेगा

- गाजियाबाद शहर विधानसभा को मिल जाएगा नया विधायक
मोहसिन खान
गाजियाबाद। शहर विधानसभा में हुए उपचुनाव के मतों की गणना शनिवार को गोविंदपुरम अनाज मंडी में चल रही है। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। 20 नवंबर को हुए उपचुनाव में इस विधानसभा से 14 प्रत्याशी मैदान में थे। भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
गोविंदपुरम अनाज मंडी में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। दोपहर करीब दो बजे के आसपास चुनाव परिणाम आ जाएगा और गाजियाबाद शहर विधानसभा को अपना नया विधायक मिल जाएगा।
गाजियाबाद शहर विधानसभा में कुल 4,61,644 मतदाता हैं। इनमें से 1,53,747 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है, जो कि मात्र 33.30 प्रतिशत है। प्रदेश की नौ सीटों पर उपचुनाव हुए थे, जिनमें सबसे कम मत प्रतिशत गाजियाबाद विधानसभा शहर सीट का रहा है।
वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में यहां की जनता ने अतुल गर्ग को विधायक चुना था। कुछ माह पहले हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अतुल गर्ग को अपना प्रत्याशी घोषित कर चुनाव में उतार दिया था। वे चुनाव जीत गए और गाजियाबाद के सांसद बन गए। इसके बाद उन्होंने इस विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया और यह सीट खाली हो गई थी।
मतगणना के लिए लगाए गए 80 कर्मचारी
मतगणना के लिए 20 टेबलों पर 80 कर्मचारी लगाए गए हैं। प्रत्येक टेबल पर तीन कर्मचारी और एक माइक्रो आब्जर्वर को तैनात किया गया है। मतगणना हॉल में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा मतगणना की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। मतगणना में कर्मचारियों की ड्यूटी पहले ही प्रशासन की ओर से ट्रेनिंग देकर तय कर दी गई है।
25 राउंड में पूरी होगी मतगणना
मतों की गिनती 25 चक्रों में पूरी होगी। इसके लिए एक हॉल में 21 टेबलें लगाई गईं हैं। इसके अलावा एक टेबल रिटर्निंग के लिए रहेगी। एक बार में एक टेबल पर एक ही ईवीएम होगी और जब उसकी गिनती पूरी हो जाएगी, तब ही दूसरी ईवीएम स्ट्रांग रूम से लाई जाएगी।
कुल आंकड़े:
- कुल मतदाता: 4,61,644
- कुल मत पड़े: 1,53,747
- पुरुष मतदाता: 88,626
- महिला मतदाता: 65,118