Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

Weather: पश्चिमी यूपी में ठंड की दस्तक, सहारनपुर में छाया कोहरा, मेरठ में AQI पहुंचा 250 के पार

Abhay updhyay
23 Oct 2023 7:14 AM GMT
Weather: पश्चिमी यूपी में ठंड की दस्तक, सहारनपुर में छाया कोहरा, मेरठ में AQI पहुंचा 250 के पार
x

बारिश के बाद मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। मेरठ में रविवार को दिन के तापमान में एक डिग्री से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई और तापमान 31 के पार पहुंच गया। रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं सहारनपुर जनपद में सोमवार सुबह कोहरे की चादर छा गई। इससे लोगों को सर्दी का एहसास हुआ। बागपत, मुजफ्फरनगर व शामली बिजनौर समेत वेस्ट यूपी के सभी जिलों में ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह शाम मौसम ठंडा होने लगा है। हालांकि दिन में अभी तेज धूप का असर बरकरार है।

मेरठ शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रेप सिस्टम लागू होने के बाद भी प्रदूषण की रोकथाम नहीं हो पा रही है। रविवार को मेरठ का एक्यूआई 250 के पार पहुंच गया। शाम के समय शहर में धुंध की चादर छा गई। बढ़ते प्रदूषण का वार सेहत पर भी होने लगा है।


मेरठ में शाम होते ही छाई धुंध, प्रदूषण का स्तर 250 के पार

एक अक्तूबर को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ग्रेप सिस्टम लागू किया था। सभी विभागों को प्रदूषण रोकने की जिम्मेदारी सौंपी गई, लेकिन दीपावली से चंद दिन पहले ही शहर की हवा दूषित होने लगी है। देर शाम शहर को धुंध की चादर ने अपनी आगोश में ले लिया। आंखों में जलन व सांस लेने में शहरवासियों को तकलीफ हुई।

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सड़कों पर पानी छिड़कने का कार्य शुरू करा दिया है। साथ ही रोडी, डस्ट व रेत को ढकने के निर्देश दिए हैं। रविवार को मेरठ का एक्यूआई 253 दर्ज किया गया। जयभीमनगर का 263, गंगानगर का 258, पल्लवपुरम का 237 रिकॉर्ड किया।

क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भुवन प्रकाश यादव ने बताया कि टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बागपत का एक्यूआई 161, गाजियाबाद का 246, मुजफ्फरनगर 299, शामली का 280 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।


पिछले सात दिन का एक्यूआई

दिनांक एक्यूआई

16 अक्तूबर 154

17 अक्तूबर 48

18 अक्तूबर 88

19 अक्तूबर 102

20 अक्तूबर 162

21 अक्तूबर 209

22 अक्तूबर 253

दिन का तापमान बढ़ा, रात का गिरा

मेरठ में दिन के तापमान में बारिश के बाद फिर से बढ़ोतरी हो गई है जबकि रातें ठंडी होने लगी हैं। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अगले पांच दिन तक मौसम शुष्क रहेगा। दिन के तापमान 30 के आसपास बना रहेगा, जबकि रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज होगी और ठंड बढ़ेगी। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री व न्यूनतम 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Abhay updhyay

Abhay updhyay

    Next Story