
नाराजगी दूर करने के लिए बीजेपी शहर सीट पर खेल सकती है ठाकुर चेहरे पर दाव
सोनू सिंह
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश की कुल 10 विधानसभा सीटों पर जल्द ही उप चुनाव कराए जाने हैं। शहर विधायक और पूर्व मंत्री अतुल गर्ग के गाजियाबाद लोकसभा सीट से सांसद चुने जाने के बाद यहां भी उपचुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उपचुनाव को देखते हुए प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में शहर विधानसभा के उपचुनाव के लिए दावेदारों का पूरा सैलाब ही उमड़ पड़ा है। भाजपा की ओर से अभी तक यहां 40 से ज्यादा दावेदार मैदान में आ चुके हैं। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता और कई बार के पूर्व जनप्रतिनिधि ने दावा किया है कि शहर विधानसभा सीट पर पार्टी की ओर से इस बार क्षत्रिय उम्मीदवार पर दाव खेला जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी यहां से क्षत्रिय उम्मीदवार को उतार कर ठाकुरों की पार्टी से नाराजगी को दूर करना चाहती है।
दरअसल, गत लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने गाजियाबाद लोकसभा सीट से अपने दो बार के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री वीके सिंह का टिकट काट दिया था। वीके सिंह के स्थान पर भारतीय जनता पार्टी ने गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट से विधायक और पूर्व मंत्री अतुल गर्ग को चुनावी मैदान में उतारा था। वीके सिंह का टिकट काटने से क्षत्रिय समाज को भाजपा से खासा नाराज कर दिया था। इसी नाराजगी के चलते क्षत्रियों ने गत लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मतदान करने का फैसला किया था। भाजपा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ा है।