Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

शहर विधानसभा उपचुनाव में मुकाबला होगा संघर्षपूर्ण

Neelu Keshari
7 Jun 2024 6:01 AM GMT
शहर विधानसभा उपचुनाव में मुकाबला होगा संघर्षपूर्ण
x

सोनू सिंह

गाजियाबाद। गाजियाबाद में लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार और शहर विधायक अतुल गर्ग ने शानदार जीत दर्ज की है। अतुल गर्ग की लोकसभा में जीत के साथ ही अब शहर विधानसभा सीट पर उप चुनाव होना भी तय हो गया है। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन कर विपक्ष के हौसले पूरी तरह से बुलंद हो गए हैं। ऐसे में शहर विधानसभा सीट पर मुकाबला संघर्षपूर्ण होगा।

भारतीय जनता पार्टी के मजबूत किले गाजियाबाद में इस बार उसे विपक्ष से बेहद कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ा है। सपा-कांग्रेस गठबंधन की संयुक्त प्रत्याशी डॉली शर्मा ने लोकसभा चुनाव के मुकाबले को बेहद कड़ा बना दिया था। मतगणना से पूर्व कोई भी यह दावे से कहने की स्थिति में नहीं था कि गाजियाबाद में जीत का सेहरा किसके सर पर बंधेगा ? गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली यहां की पांचों ही विधानसभाओं में भारतीय जनता पार्टी और सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच बेहद नजदीकी मुकाबला माना जा रहा था। क्षत्रिय मतदाताओं की नाराजगी के चलते धौलाना विधानसभा में तो भारतीय जनता पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं मुरादनगर, लोनी और गाजियाबाद में भी गठबंधन प्रत्याशी को जमकर वोट मिले हैं।

लोकसभा चुनाव में विधानसभा वार मतों की गणना में अतुल गर्ग को शहर विधानसभा में 1,37,206 जबकि डॉली शर्मा को 73,950 वोट प्राप्त हुए हैं। अगर पूर्व के विधानसभा चुनाव पर गौर करें तो सपा के विशाल वर्मा को यहां 44 हजार से अधिक मत प्राप्त हुए थे जबकि बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार के के शुक्ला को 34 हजार मत मिले थे। यदि इसमें कांग्रेस प्रत्याशी सुशांत सुरेन्द्र प्रकाश गोयल को मिले 11 हजार से अधिक मत जोड़ दिए जाएं तो इन मतों का कुल योग एक लाख के आसपास बैठता है। ऐसे में अगर पूरा विपक्ष एक साथ मिलकर जोर लगाए तो फिर शहर विधानसभा के उप चुनाव का परिणाम भी भाजपा को यहां चौंका सकता है।

Next Story