
स्वामी विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने स्कूल का नाम किया रोशन, क्षेत्रीय कुश्ती और शतरंज प्रतियोगिता में फिर से जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक
गाजियाबाद। राजेंद्र नगर स्थित स्वामी विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने कुश्ती और शतरंज में फिर से स्वर्ण, रजत और कांस्य प्राप्त किए।
मीडिया प्रभारी ललिता त्यागी ने बताया कि यह प्रतियोगिता स्टार पेपर मिल्स विद्यालय सहारनपुर में पांच और आठ सितंबर तक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इसमें क्षेत्र के सभी विद्यालयों से आए हुए विद्यार्थियों की संख्या 450 रही। स्वामी विवेकानन्द सरस्वती विद्या मंदिर साहिबाबाद की अंडर 19 की बहनों ने चार स्वर्ण, दो रजत और भैया ने एक रजत प्राप्त किया। अंडर-17 में बहनों ने दो स्वर्ण और अंडर- 14 में भैया ने एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। बहनों ने अंडर- 19, अंडर- 17 में विजेता ट्रॉफी और अंडर- 14 में द्वितीय विजेता ट्रॉफी जीती।
शतरंज में अंडर- 17 में भैया ने रजत पदक जीता और अंडर- 14 में भैया ने कांस्य पदक जीता। बैडमिंटन की क्षेत्रिय प्रतियोगिता नैनीताल में सम्पन्न हुई। इसमें बहनों ने स्वर्ण पदक, कबड्डी की दो बहनों ने स्वर्ण मेडल तथा वॉलीबॉल के दो भैया ने स्वर्ण मेडल जीता। कुश्ती की 8 बहनें, कबड्डी की दो बहनें, बैडमिंटन की एक बहन और वॉलीबॉल के दो भैया अखिल भारतीय प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष कैलाश राघव, प्रधानाचार्य जगदीश रघुवंशी, खेल विभाग के अध्यक्ष रामकुमार ने बच्चों को शुभकामनाएं दी और आगे की प्रतियोगिताएं में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।