Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

बरेली जिले में 11 महिलाओं की हत्या के मामले में सीरियल किलर गिरफ्तार, साड़ी या दुपट्टे से गला घोंटकर वारदात को देता था अंजाम

Neelu Keshari
9 Aug 2024 9:00 AM GMT
बरेली जिले में 11 महिलाओं की हत्या के मामले में सीरियल किलर गिरफ्तार, साड़ी या दुपट्टे से गला घोंटकर वारदात को देता था अंजाम
x

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सालभर के भीतर सिलसिलेवार तरीके से 11 महिलाओं की हत्या के मामले में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, उसी ने सिलसिलेवार तरीके से सभी वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी को जांच पड़ताल के बाद गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार सुबह पुलिस की टीम आरोपी को घटनास्थलों पर भी लेकर गई। वहां से उसे बरेली लाया गया। एसएसपी आज इन वारदातों का खुलासा करेंगे।

मीरगंज सर्किल के शाही और शीशगढ़ थाना क्षेत्र में सभी 11 महिलाओं की हत्या एक ही तरीके से उनकी साड़ी या दुपट्टे से गला घोंटकर की गई थी। ये सभी महिलाएं ग्रामीण परिवेश की थीं। ये सभी वारदात खेत या सुनसान रास्तों पर अंजाम दी गई हैं। गांव लखीमपुर की महमूदन, कुल्छा की धानवती, सेवा ज्वालापुर की वीरावती, खजुरिया निवासी कुसुमा देवी, शाही के मुबारकपुर की शांति देवी, आनंदपुर की प्रेमवती, मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गूला की रेशमा व शाही के खरसैनी की दुलारी देवी की पांच महीने में जान चली गई थी। इसके अलावा तीन अन्य महिलाओं का कत्ल हुआ था।

पुलिस ने कुछ मामलों में खुलासा किया लेकिन वारदात लगातार होने से सवाल भी उठते रहे। दो जुलाई को शेरगढ़ की अनीता देवी की शाही क्षेत्र में इसी तरह हत्या होने के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम खुलासे के लिए लगाई। एक महीने के बाद भी सफलता नहीं मिली तो छह अगस्त को एसएसपी ने तीन स्केच जारी किए। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों से बातचीत और पुलिस जांच के इनपुट पर स्केच तैयार कराए। इसके बाद पुलिस की जांच के साथ पूरे क्षेत्र में मुखबिरों को सक्रिय किया गया। सूत्रों के मुताबिक, अब तक जो इनपुट मिले हैं, उससे पता चलता है कि ये वारदात किसी एक सनकी की करतूत हैं। जांच के आधार पर पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इसी शख्स ने सभी 11 महिलाओं को मारा था।

Next Story