Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

इंडिया गठबंधन में दरार: नाराज अखिलेश यादव बोले- कांग्रेस धोखेबाज है पता होता तो नहीं करते गठबंधन

Abhay updhyay
19 Oct 2023 11:45 AM GMT
इंडिया गठबंधन में दरार: नाराज अखिलेश यादव बोले- कांग्रेस धोखेबाज है पता होता तो नहीं करते गठबंधन
x

सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारें को लेकर कांग्रेस से खासा नाराज हैं। बृहस्पतिवार को सीतापुर पहुंचे सपा मुखिया ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस अपने चिरकुट नेताओं से सपा के लिए बयानबाजी न करवाएं। अखिलेश ने कांग्रेस को धोखेबाज बताते हुए कहा कि अगर उन्हें पता होता इंडिया गठबंधन विधानसभा स्तर पर नहीं है तो कांग्रेस से बात ही नहीं करते। शाहजहांपुर जाते समय सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव के आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अगर वे (कांग्रेस) कहते हैं, कि विधानसभा स्तर पर गठबंधन नहीं है तो हम स्वीकार करते हैं। शायद हमें ही कन्फ्यूजन रहा होगा।

मध्य प्रदेश में सपा की कोई हैसियत नहीं है, यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के इस बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश बोले कि उनकी हैसियत क्या है। इंडिया गठबंधन के बारे में वे कितना जानते हैं, कितनी बैठकों में थे। अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं से अपील हैं कि छोटे नेताओं से इस तरह की बयानबाजी न कराएं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की मीटिंग में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने रात-रात भर वार्ता की।

मध्य प्रदेश में कहां, किस सीट पर सपा जीती, कहां नंबर दो पर रही यह आंकड़ा लेकर भरोसा दिया कि 6 सीटों पर विचार करेंगे। फिर सपा को एक भी सीट नहीं दी इसलिए हमने वहां अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इंडिया गठबंधन पर कहा कि अगर यह सिर्फ लोकसभा के लिए है तो इस पर विचार किया जाएगा। कांग्रेस जैसा व्यवहार सपा के साथ करेगी, वैसा ही उनके साथ किया जाएगा। इस मौके पर विधायक अनिल वर्मा, एमएलसी जासमीर अंसारी, पूर्व विधायक अनूप गुप्ता आदि मौजूद थे।

आजम मुस्लिम इसलिए हो रहा अन्याय

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान मुस्लिम हैं, इसलिए उनके साथ अन्याय हो रहा है। सारी चीजों पर गौर करने से यही लगता है। अखिलेश बोले कि सवाल यह है, आजम खान के साथ साजिश कौन कर रहा है। भाजपा या उसके समर्थक। आजम से मिलने के सवाल पर बोले कि यह फैसला उन पर छोड़ दें। आजम उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पारिवारिक सदस्य हैं।

सीतापुर में सांड बहुत दिखते

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि सीतापुर में सांड़ बहुत दिखते हैं। हाईवे के डिवाइडर पर जगह-जगह सांड़ बैठे नजर आते हैं। भाजपा वाले क्या कर रहे हैं। धान खरीद केन्द्र पर क्या किसी किसान की उपज खरीदी जा रही है। यह भी बड़ा सवाल है।

बीजेपी सभी को पीट रही

देवरिया में पत्रकारों पर हुए लाठीचार्ज पर उन्होंने कहा हमें दुख है कि भाजपा सभी को पीट रही है। पत्रकार अगर सही लिखते है तो जांच हो जाएगी।

Next Story