Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

मुकदमा न दर्ज किए जाने से आहत दुष्कर्म पीड़िता ने अपने ऊपर डाला मिट्टी का तेल

Shashank
18 March 2024 9:19 AM GMT
मुकदमा न दर्ज किए जाने से आहत दुष्कर्म पीड़िता ने अपने ऊपर डाला मिट्टी का तेल
x

अमेठी के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र में एक दुष्कर्म पीड़िता ने कार्रवाई न होने से आहत होकर खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने उसे बचा लिया।

अमेठी के बाजार शुकुल थाने के एक गांव निवासी दुष्कर्म पीड़िता ने सोमवार को कार्रवाई न होने से कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया। जब तक वह माचिस लगाती तब तक मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इस घटना से अफरातफरी मच गई। कई थानों की पुलिस को कलेक्ट्रेट बुलाकर महिला को जिला अस्पताल भिजवाया गया है।

बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का आरोप है कि आठ मार्च की शाम को सात बजे शौच के लिए घर से बाहर निकली थी तभी एकाएक कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि उन लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया साथ ही जान से मारने की भी कोशिश की। आरोप है कि उसकी कान की बाली, गले का मंगलसूत्र व पायल भी छीन लिया।

पीड़िता का आरोप है कि इस घटना की सूचना उसने थाने पर दी। पुलिस ने उसे दिन भर थाने में बैठाए रखने के बाद भी उसका मुकदमा नहीं दर्ज किया। उसने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंची पीड़िता ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया। हालांकि जब तक वह माचिस खोजती तब तक वहां पर मौजूद लोगों ने पहुंचकर उसे बचा लिया।

इस घटना से कलेक्ट्रेट में अफरा तफरी मच गई। वहां पर भारी भीड़ लग गई। कलेक्ट्रेट के अफसरों ने पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। गौरीगंज कोतवाल शिवाकांत त्रिपाठी व एसओ महिला थाना ममता रावत ने मौके पर पहुंचकर महिला को अस्पताल पहुंचाया।

एसओ बाजार शुकुल तनुज पाल का कहना है कि महिला का पति से विवाद चल रहा है। इस मामले में 2021 में महिला ने पति पर मुकदमा दर्ज कराया था। अब एक बार फिर उसने पति समेत अन्य के खिलाफ दुष्कर्म की तहरीर दी है। इस मामले की जांच उच्चाधिकारियों के स्तर से हो रही है।

Next Story