Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

सदन में मारपीट पर गरमाई सियासत, बसपा के तीखे तेवर, अखिलेश यादव बोले-हार नजदीक देख हताशा में भाजपा

SaumyaV
31 Dec 2023 7:57 AM GMT
सदन में मारपीट पर गरमाई सियासत, बसपा के तीखे तेवर, अखिलेश यादव बोले-हार नजदीक देख हताशा में भाजपा
x

मेरठ नगर निगम सदन से लेकर सड़क तक भाजपाइयों और विपक्षी पार्षदों के बीच हुए विवाद के बाद सियासत गरमा गई। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पिटाई के शिकार पार्षदों के गांव पहुंचे और साथ देने की बात कही। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इसे दलित पार्षदों पर प्रहार बताया। बसपा नेता भी आहत पार्षदों के आवास पर पहुंचे और लड़ाई में साथ देने की बात कही।

विपक्ष की आवाज दबने नहीं देगी कांग्रेस: अजय राय

मामले के तूल पकड़ते ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पार्षद आशीष चौधरी के घर जाहिदपुर पहुंच गए। उन्होंने भाजपा सरकार पर दलित और कुचले लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। कहा कि शनिवार को नगर निगम की बैठक में ऊर्जा राज्य मंत्री और विधान परिषद सदस्य का जनप्रतिनिधियों के साथ मारपीट करना चिंताजनक है। कांग्रेस इसका सदन से लेकर सड़क तक विरोध करेगी। कांग्रेस विपक्ष की आवाज को किसी भी सूरत में दबने नहीं देगी।

पार्षद आशीष चौधरी के आवास के बाद अजय राय घोपला गांव पहुंचे और वहां पार्षद कीर्ति से मिले। यहां उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर उस व्यक्ति के साथ खड़ी है, जिसकी आवाज भाजपा दबाना चाहती है। भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है और लोगों को एक दूसरे से तोड़ने का काम कर रही है। इस दौरान जिला अध्यक्ष अवनीश काजला, महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी, रंजन शर्मा, धूम सिंह गुर्जर, सलीम खान, शमशाद मछेरान, सादिक कोटला अंसार, राजू यादव आदि साथ रहे।

हार नजदीक देख हताशा में भाजपा-अखिलेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स के जरिये कहा कि मेरठ में नगर निगम बोर्ड की बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्री और एमएलसी ने पुलिस की मौजूदगी में विपक्ष के दलित पार्षदों पर घातक प्रहार किए। भाजपा के लोग सत्ता के अहंकार में डूबकर दलितों से जो अपमानजनक व्यवहार कर रहे हैं, उसका जवाब उनको आगामी चुनाव में मिलने वाला है। भाजपा आगामी हार की हताशा में हिंसक हो गई है।

सड़कों पर राज्यमंत्री और एमएलसी सहित भाजपाइयों ने विपक्षी पार्षदों को पीटा है। भाजपाइयों की गुंड़ागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आगामी 2024 में जनता इनको जवाब देगी। पार्षदों को जातिसूचक शब्द कहकर पीटा गया है। इसकी तहरीर देहलीगेट थाने में दे दी है। पार्षदों को इंसाफ नहीं मिला तो विपक्ष आंदोलन करेगा। - अतुल प्रधान, सपा विधायक

जाहिदपुर पहुंचे बसपा नेता बोले, अपमान सहन नहीं करेंगे

बसपा के मंडल प्रभारी सतपाल पेपला भी शनिवार रात्रि में जाहिदपुर स्थित बसपा पार्षद आशीष चौधरी के आवास पर पहुंच गए। उन्होंने पत्रकारों के कहा कि अनुसूचित जाति के पार्षदों की पिटाई भाजपाइयों की सोची समझी साजिश है। पार्षदों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरे मामले से बसपा हाईकमान को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

मंडल प्रभारी, बसपा जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह पाल, मंडल प्रभारी शाहजहां सैफी, डॉ. कमल सिंह समेत काफी बसपाई बसपा पार्षद से मिलने पहुंचे। बसपा नेताओं ने कहा कि भाजपा विधायक, उप्र सरकार के राज्य मंत्री समेत भाजपा के नेताओं ने अनुसूचित जाति का अपमान करने की नियत से मारपीट की है। इससे पूरे समाज का अपमान हुआ है। मारपीट करने वालों के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों से मिलेंगे।

SaumyaV

SaumyaV

    Next Story