
जिला अध्यक्ष सलीम सैफी का दावा! केंद्र में इंडिया गठबंधन की बनाई जाएगी सरकार
नेहा सिंह तोमर
गाजियाबाद। अल्पसंख्यक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सलीम सैफी और महानगर अध्यक्ष सैयद वली हसन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश विशेष रूप से गाजियाबाद में इंडिया गठबंधन को मिले समर्थन के लिए अल्पसंख्यक / मुसलमानों, दलितों और पिछड़ों का आभार व्यक्त किया है। जिला अध्यक्ष सलीम सैफी ने उम्मीद जतायी है कि कभी भी मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं जिसमें सफलता के आंकड़ों को और सुधारते हुए केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाई जाएगी।
सलीम सैफी ने कहा कि सीएसडीएस और लोकनीति के पोस्ट पोल सर्वे से यह स्पष्ट हो गया है कि इंडिया गठबंधन को मुसलमानों का एक मुश्त वोट मिला है। वहीं पिछड़ों, अति पिछड़ों और दलितों का भी बड़ा हिस्सा इंडिया गठबंधन के साथ था। इसके लिए अल्पसंख्यक कांग्रेस इन वर्गों का विशेष आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि सर्वे से यह भी उजागर हुआ कि सवर्ण वोटों का 80 प्रतिशत हिस्सा भाजपा और 16 प्रतिशत इंडिया गठबंधन को मिला। यह देश और इंडिया गठबंधन के लिए चिंता का विषय है। इसकी एक बड़ी वजह इस समाज में इंडिया गठबंधन के मुद्दों का न पहुंच पाना भी हो सकता है। कांग्रेस सवर्ण समाज में नए चेहरों को विकसित करने पर गंभीरता से विचार कर रही है ताकि आगे से सवर्ण समाज का पूरा वोट इंडिया गठबंधन और कांग्रेस ले सके।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक कांग्रेस सामाजिक न्याय, जातिगत जनगणना, आरक्षण पर लगे 50 प्रतिशत की पाबंदी को हटाने की राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के एजेंडे पर आगामी दिनों में अभियान चलायेगी। महानगर अध्यक्ष सैयद वली हसन ने कहा कि संविधान की रक्षा करने के लिए मुसलमानों, दलितों और अतिपिछड़ों ने इंडिया गठबंधन को एक मुस्त वोट किया। भारत के संविधान प्रेमियों ने संविधान की रक्षा करने के लिए इंडिया गठबंधन को अपना समर्थन दिया उसके लिए हम उन सब वर्गों के एहसानमंद है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष आसिफ सैफी, वरिष्ठ नेता जेपी सिंह वीर जी, पीसीसी सदस्य वीर सिंह जाटव, पूर्व महापौर प्रत्याशी, पीसीसी सदस्य लालमन सिंह, अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेश सचिव अकबर चौधरी, कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एडवोकेट कमलेश कुमारी, अमित कुमार बंटी, एससी-एसटी महानगर अध्यक्ष आशीष प्रेमी, डासना नगर अध्यक्ष फरमान चौधरी और पूर्व पार्षद माया देवी मौजूद रहे।