Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को पूजा-अर्चना के लिए देश भर के श्रद्धालु पहुंचे

Neelu Keshari
29 July 2024 10:35 AM GMT
श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को पूजा-अर्चना के लिए देश भर के श्रद्धालु पहुंचे
x

नेहा सिंह तोमर

गाजियाबाद। शहर के ऐतिहासिक सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार के जलाभिषेक का सिलसिला तो रात 12 बजे से शुरू हुआ मगर भक्तों की लाइन रात 10 बजे से ही लगने लगी थी। महंत नारायण गिरी महाराज ने सबसे पहले भगवान दूधेश्वर की पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक किया। मंदिर में विराजमान सभी देवी-देवताओं और गुरु मूर्तियों तथा सिद्ध संतों की समाधि की पूजा-अर्चना की।

उसके बाद मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए। 3 बजे भगवान का श्रृंगार और आरती हुई। आचार्य तयोराज उपाध्याय रूद्राभिषेक कराया। आरती देवी मंदिर के महंत गिरिशानंद गिरि महाराज ने की। धूप आरती व दीप आरती के बाद भगवान के जलाभिषेक का सिलसिला पुनः प्रारंभ हुआ। मंदिर में बड़ी संख्या में कांवडिएं भी पूजा-अर्चना कर गंगाजल लेने के लिए रवाना हो रहे हैं। भक्तों की लाइन जस्सीपुरा मोड़ से भी आगे तक पहुंच गई। भक्त भगवान की पूजा-अर्चना और जलाभिषेककर महाराज का आशीर्वाद भी ले रहे हैं। महंत नारायण गिरी महाराज ने कहा कि दूसरे सोमवार को महाकालेश्वर शिव की विशेष पूजा करने का विधान है। श्रद्धालु को ऊं महाशिवाय वरदाय हीं ऐं काम्य सिद्धि रुद्राय नम मंत्र का रुद्राक्ष की माला से जाप करना चाहिए। महाकालेश्वर की पूजा से गृहस्थ जीवन होता है। पारिवारिक कलह, पितृ दोष व तांत्रिक दोष से मुक्ति मिलती है।

पुलिस कमिश्नर अजय मिश्रा के नेतृत्व में मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चौबंद है। सीसीटीवी कैमरों से भी हर आनेजाने वाले पर नजर रखी जा रही है। महापौर सुनीता दयाल, नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम, जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन व पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। मंदिर के स्वयंसेवक व सेवादार कांवडियों व शिवभक्तों की सेवा कर रहे हैं।

Next Story