Begin typing your search above and press return to search.
उत्तर प्रदेश

दीपोत्सव: राम की पैड़ी के 51 घाटों पर पहुंचाए गए 24 लाख दीये, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड की टीम पहुंची अयोध्या

Abhay updhyay
8 Nov 2023 7:35 AM GMT
दीपोत्सव: राम की पैड़ी के 51 घाटों पर पहुंचाए गए 24 लाख दीये, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड की टीम पहुंची अयोध्या
x

अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अब दीयों को राम की पैड़ी के घाटों पर पहुंचा दिया गया है। 11 नवंबर को देर शाम दीपों को प्रज्जवलित किया जाएगा। उधर, दीपों की गणना करने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड की टीम अयोध्या पहुंच गई।डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने प्रभु श्रीराम के चित्र के समक्ष पांच दीए जलाकर दीपोत्सव के कामयाबी की कामना की। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव में नया विश्व रिकार्ड बनाने के लिए आवासीय परिसर, महाविद्यालय, इण्टर कालेज व स्वयंसेवी संस्थाओं के 25 हजार से अधिक स्वयंसेवक लगाए गए हैं। इनकी मदद से 51 घाटों पर 24 लाख दीए प्रज्जवलित किए जाएंगे।

कुलपति के साथ दीपोत्सव की सफलता के लिए नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र, कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र, वित्त अधिकारी पूर्णेंन्दु शुक्ल, परीक्षा नियंत्रक उमानाथ, प्रो. सिद्धार्थ शुक्ल व मीडिया प्रभारी डॉ. विजयेन्दु चतुर्वेदी ने भी कामना की। इसी कड़ी में विश्वविद्यालय परिसर से सुबह 10 बजे यातायात समिति के संयोजक प्रो. अनूप कुमार व डॉ. सुरेन्द्र मिश्र की देखरेख में बसों से स्वयंसेवकों के एक जत्थे को राम की पैड़ी के लिए रवाना किया गया।

करीब एक हजार स्वयंसेवक व विश्वविद्यालय कर्मियों ने पांच-पांच सौ दीए के गत्तों को घाटों पर रखवाना शुरू किया। वितरण व सामग्री समिति के संयोजक प्रो. सिद्धार्थ शुक्ल व प्रो. गंगाराम मिश्र की निगरानी में देर रात तक 51 घाटों पर 24 लाख दीयों को पहुंचाने का काम पूरा हो गया।

नोडल अधिकारी प्रो. संत शरण मिश्र ने बताया कि बुधवार सुबह से 24 लाख दीयों को मार्किंग स्थलों पर बिछाने का कार्य शुरू हो गया है। यह काम नौ नवंबर तक चलेगा। 10 को दीपों की गणना होगी। 11 नवंबर को स्वयंसेवक तेल डालने व बाती लगाने के साथ दीप प्रज्जवलन करेंगे।

Abhay updhyay

Abhay updhyay

    Next Story