
Ghaziabad Weather News: गाजियाबाद में शीतलहर का कहर, इस सप्ताह लगातार कोहरा छाया रहेगा

गाजियाबाद। शुक्रवार को शीतलहर जैसा मौसम है। गुरुवार रात भी सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ाई। आज, शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। दिन में दोपहर बाद हल्की धूप खिलने का अनुमान है। आज हवा की गति 10 किमी प्रति घंटा है।इस सप्ताह लगातार कोहरा छाया रहेगा।
गुरुवार को गाजियाबाद में दिन भर शीतलहर जैसा मौसम रहा। सुबह तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। अधिकतम तापमान में कमी के कारण मौसम सर्द बना रहा। पिछले सप्ताह शुक्रवार से शनिवार तक रुक-रुक कर बारिश हुई, जिसके बाद सर्दी और बढ़ गई और धूप नहीं खिल पाई। गुरुवार को हवा 11 किमी प्रति घंटा की गति से चली।
बारिश के बाद गिरा अधिकतम तापमान
मानसून के जाने के बाद पिछले सप्ताह शुक्रवार से शनिवार तक बारिश हुई, जो सर्दियों की पहली बारिश थी। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, दिसंबर माह में पाला अधिक पड़ा है, जिससे फसलें प्रभावित हो रही हैं। पाले से सबसे अधिक आलू की फसल प्रभावित हो रही है। बारिश से फसलों को तो लाभ हुआ, लेकिन मौसम में बदलाव आया। वहीं, एक्यूआई में फिर से बढ़ोतरी हुई है। एनसीआर में आज, शुक्रवार को कोहरा छाने के बाद प्रदूषण तेजी से बढ़ा है। आज गाजियाबाद का AQI 288 दर्ज किया गया है।