

वर्ष 2023 अब बीतने वाला है। शहर की इस साल की आपराधिक घटनाओं पर नजर डालें तो एक नवंबर की देर रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। इस घटना के तीन आरोपियों को पुलिस अब तक चिह्नित तक नहीं कर सकी।
आईआईटी बीएचयू की छात्रा से 55 दिन पहले सामूहिक दुष्कर्म की शर्मनाक घटना हुई। वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर उन्हें चिह्नित भी नहीं कर सकी। यह इतना बताने के लिए काफी है कि साल 2023 में कमिश्नरेट की पुलिस के कामकाज का ढर्रा क्या रहा होगा...?
वर्ष 2023 अब बीतने वाला है। शहर की इस साल की आपराधिक घटनाओं पर नजर डालें तो एक नवंबर की देर रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। इस घटना के तीन आरोपियों को पुलिस अब तक चिह्नित तक नहीं कर सकी। इसी तरह नौ नवंबर की रात बदमाशों ने रोहनिया थाना के अमरा खैरा क्षेत्र की वैष्णो विहार कॉलोनी निवासी बुजुर्ग रवींद्रनाथ सिंह और उनकी पत्नी गायत्री सिंह को बंधक बनाकर लूटपाट की। पुलिस 46 दिन बाद भी बदमाशों को नहीं पकड़ पाई। ऐसा ही एक अन्य प्रकरण चौबेपुर थाना क्षेत्र का भी है। नौ नवंबर की रात चिरईगांव निवासी सिकंदर उर्फ पगालू की हत्या कर उसका अधजला शव बदमाशों ने उसके घर के समीप फेंक दिया। इस वारदात को अंजाम देने वाले भी गिरफ्त में नहीं आ सके।
मासूमों और किशोरों के लिए भयावह रहा वर्ष 2023
19 अक्तूबर 2023 को तीन बीघा जमीन के लालच में ढाई साल के कृष्ण कुमार का अपहरण कर उसके चाचा ने उसकी हत्या कर दी।
1 सितंबर 2023 को सिगरा क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी की हत्या कर शव को बॉक्स में भरकर भदोही ले जाकर आग लगा दी गई।
16 अगस्त 2023 को बरही नेवादा गांव निवासी 15 वर्षीय मुकेश कुमार की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।
14 अगस्त 2023 की रात काशी रेलवे स्टेशन से पांच वर्ष की बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर दी गई।
6 जुलाई 2023 को चार बच्चों के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म के आरोप में एनजीओ संचालक भोगाबीर निवासी सुनील शुक्ला के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज हुआ।
23 जून 2023 को जंसा क्षेत्र स्थित ननिहाल आई 10 वर्षीय बालिका के साथ मुंहबोले मामा ने दुष्कर्म किया।
19 मई 2023 को गंगा आरती देखकर घर जा रही किशोरी के साथ बाबतपुर में चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
29 अप्रैल 2023 को 12 वर्षीय मोहम्मद अनस का फिरौती के लिए अपहरण किया गया और फिर हत्या कर दी गई।
1 मार्च 2023 को फुलवरिया क्षेत्र में 11 वर्ष की बालिका को समोसा खिलाने के बहाने पड़ोसी युवक, चचेरे भाई और एक किशोर ने दुष्कर्म और अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
28 जनवरी 2023 को दोषीपुरा क्षेत्र के साढ़े चार वर्ष के अबू इस्माइल का अपहरण कर हत्या कर दी गई।
12 पुलिसकर्मियों ने खाकी की साख पर लगाया बट्टा
कमिश्नरेट के 12 पुलिसकर्मियों ने साल 2023 में खाकी की साख पर बट्टा लगाया। सभी सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिए गए। पांच अगस्त को अलग-अलग आरोप सिद्ध होने पर सिपाही अमित कुमार, मनोज कुमार तिवारी, संजय कुमार शुक्ला, हरिबंश भारती और अर्दली अमृतलाल को बर्खास्त किया गया। 10 जून 2023 को डकैती के आरोपियों से मिलीभगत के आरोप में भेलूपुर थाने के पूर्व थानाध्यक्ष रमाकांत दूबे, दरोगा सुशील कुमार, महेश कुमार व उत्कर्ष चतुर्वेदी और सिपाही महेंद्र कुमार पटेल, कपिल देव पांडेय व शिवचंद को बर्खास्त किया गया। इसके अलावा 11 मई 2023 को जंसा थाने में तैनात दरोगा अभिषेक वर्मा और नौ सितंबर 2023 को मंडुवाडीह थाने की मड़ौली चौकी का प्रभारी अजय कुमार यादव घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया।
एक जनवरी से 26 दिसंबर 2023 तक अपराध का आंकड़ा
डकैती - 4
लूट - 23
हत्या - 41
हत्या का प्रयास - 27
चोरी - 600 से ज्यादा
दुष्कर्म - 74
छेड़खानी - 129
अपहरण - 187
साइबर क्राइम - 373