Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

भाजपा के गढ़ में क्या फिर कमल करेगा कमाल!

Tripada Dwivedi
3 Jun 2024 2:30 PM GMT
भाजपा के गढ़ में क्या फिर कमल करेगा कमाल!
x

गाजियाबाद। ईवीएम में पिछले 40 दिनों से दिग्गज प्रत्याशियों का भाग्य बंद होने का अब पटाक्षेप होने का दिन आ ही गया। 4 जून मतगणना होने का दिन है, जो इतिहास में नाम दर्ज कराने वाला दिन होगा। प्रचंड वोट से भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग या कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा में किसके सिर पर सांसदी का ताज सजेगा, यह मंगलवार को स्पष्ट हो जाएगा। गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी में 4 जून की सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू होगी। प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

भाजपा-कांग्रेस में मुकाबला

लोकसभा सीट पर कुल 29,45,487 मतदाता थे। मगर इनमें से आधे 14,69,260 मतदाता ही वोट डाल पाए। ऐसे में लोकसभा सीट पर कुल 49.88 प्रतिशत ही मतदान हुआ था। इन मतदाताओं में 8,26,667 पुरुष और 6,42,189 महिलाओं मतदाताओं ने ही अपने वोट का प्रयोग किया था। फिलहाल जो तस्वीर दिख रही है उसमें भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग और कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के बीच ही मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। इनके साथ बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर भी मुकाबले में आ सकते हैं। मतगणना से पहले वैसे सभी दिग्गज प्रत्याशियों की भी धड़कनें बढ़ी हुई हैं। मंगलवार को इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होने में अब कुछ घंटे ही रह गए हैं। ईवीएम में कैद इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होने के बाद जनपद को नया सांसद भी मिल जाएगा। भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग रिकॉर्डतोड़ मतों से सांसद चुने जाएंगे या फिर कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा या बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर जीत दर्ज कराकर इतिहास बनाएंगे। यह ईवीएम में कैद मतों की गिनती पूरी होने के बाद खुलासा हो जाएगा।

गाजियाबाद से 14 प्रत्याशी

गाजियाबाद में लोकसभा सीट पर 14 प्रत्याशी थे। इनमें भाजपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी अतुल गर्ग, इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा, बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर के अलावा सुखी समाज पार्टी के अवधेश कुमार, राष्ट्र निर्माण पार्टी के आनंद कुमार, राष्ट्रीय जन कर्मठ पार्टी के अंशुल गुप्ता, सुभाषवादी भासपा के धीरेंद्र भदौरिया, समाज विकास क्रांति पार्टी के नमह, राईट टू रिकॉल पार्टी की पूजा, निर्दलीय अभिषेक पुंडीर, औरंगजेब, कविता, नत्थू सिंह, रवि कुमार पांचाल चुनावी मैदान में थे। इन सभी 14 दिग्गज प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।

वहीं मेरठ लोकसभा की बात की जाए तो भाजपा के अरुण गोविल और गठबंधन प्रत्याशी व वर्तमान मेयर सुनीता वर्मा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। माना जा रहा है कि यहां गठबंधन प्रत्याशी सुनीता वर्मा भाजपा प्रत्याशी अरुण गोविल को कड़ी टक्कर देती नजर आएंगी। वही नोएडा लोकसभा सीट पर डॉक्टर महेश शर्मा लगातार तीसरी बार अपनी विजय पताका फहरा सकते हैं। यदि डॉक्टर महेश शर्मा हैट्रिक लगाने में कामयाब रहे तो उनका केंद्र में मंत्री बनाया जाना पक्का माना जा रहा है।

Next Story