Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

जवानों के बलिदानों से देश में भरा गुस्सा और गम! विपक्ष ने भाजपा को घेरा, राजनाथ ने कहा लेंगे बदला

Tripada Dwivedi
16 July 2024 8:45 AM GMT
जवानों के बलिदानों से देश में भरा गुस्सा और गम! विपक्ष ने भाजपा को घेरा, राजनाथ ने कहा लेंगे बदला
x

नई दिल्ली। जम्मू में जवानों की शहादत से देश भर में गुस्सा और गम भर गया है। शहादत का सिलसिला नहीं थमने पर राजनीतिक गलियारे से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। जहां सत्ता पक्ष ने आतंकवाद के खात्मा पर अपनी प्रतिबद्धता दर्शायी है, वहीं विपक्ष के नेताओं ने इन बलिदानों को भाजपा की गलत नीतियों का खामियाजा कहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि डोडा में आतंकवाद विरोधी अभियान में हमारे बहादुर और साहसी भारतीय सेना के जवानों की शहादत से बहुत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। राष्ट्र हमारे उन सैनिकों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। आतंकवाद विरोधी अभियान जारी है और हमारे सैनिक आतंकवाद को खत्म करने और क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम बदला लेंगे।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर में फिर से एक आतंकी मुठभेड़ में हमारे जवान शहीद हो गए। शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों को गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। लगातार हो रहे ये आतंकी हमले जम्मू-कश्मीर की जर्जर स्थिति बयान कर रहे हैं। भाजपा की गलत नीतियों का खामियाज़ा हमारे जवान और उनके परिवार भुगत रहे हैं। हर देशभक्त भारतीय की यह मांग है कि सरकार बार-बार हो रही सुरक्षा चूकों की पूरी जवाबदेही ले कर देश और जवानों के गुनहगारों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे। दुख की इस घड़ी में पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता से खड़ा है।

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि भारतीय सेना के सभी अधिकारी डोडा में शहीद हुए बहादुर जवानों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। जिन्होंने डोडा में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान अपने कर्तव्य का पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी ताकि क्षेत्र में शांति सुनिश्चित हो सके। भारतीय सेना इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कहा कि हमारी सरकार पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का जवाब देगी। जम्मू-कश्मीर में शांति आई है और शांति को बहाल रखना हमारा कर्तव्य है।

केंद्रीय मंत्री जीतेंद्र सिंह ने कहा कि मेरे लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में डोडा जिले के डेसा क्षेत्र में सशस्त्र मुठभेड़ की खबरों से बहुत परेशान हूं। हमारे बहादुरों की शहादत पर शोक व्यक्त करने और निंदा करने के लिए शब्द कम हैं। हम सभी मिलकर दुश्मन के नापाक मंसूबों को हराएं और शांति व सदभाव बनाए रखें जिसके लिए डोडा हमेशा से जाना जाता है।

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने आतंकी हमले को लेकर जम्मू कश्मीर पुलिस प्रमुख आरआर स्वैन को बर्खास्त करने की मांग कर दी है। उन्होंने गृहमंत्री और रक्षामंत्री से मामले का कड़ा संज्ञान लेने की बात कही है। उन्होंने कहा कि कोई जवाबदेही नहीं है। अब तक तो सभी के खिलाफ कार्रवाई हो जानी चाहिए थी। डीजीपी को बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए था। पिछले 32 महीनों में करीब 50 सैनिकों ने अपनी जान गंवाई है। मौजूदा डीजीपी राजनीतिक रूप से चीजों को ठीक करने में व्यस्त हैं। हमारे पास पहले भी दूसरे राज्यों से डीजीपी आए हैं और उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। किसी ने भी सांप्रदायिक आधार पर काम नहीं किया है जैसा कि अब किया जा रहा है।

Next Story