
वायनाड में भूस्खलन को लेकर भारत सरकार ने केरल सरकार को पूर्व चेतावनी दी थी, देश में अर्ली वार्निंग सिस्टम है : अमित शाह

नई दिल्ली। केरल के वायनाड में कल हुए भूस्खलन को लेकर राज्यसभा में चर्चा हुई। वायनाड हादसे पर राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं देश के लिए कुछ स्पष्ट करना चाहता हूं कि 23 जुलाई को भारत सरकार ने केरल सरकार को पूर्व चेतावनी दी थी। घटना से 7 दिन पहले और फिर 24 और 25 जुलाई को भी पूर्व चेतावनी दी गई।
26 जुलाई को चेतावनी दी गई कि 20 सेमी. से अधिक भारी वर्षा की संभावना है और भूस्खलन की संभावना है, मिट्टी का बहाव हो सकता है और इसमें लोगों की जान जा सकती है। भारत सरकार की पूर्व चेतावनी प्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। गुजरात को तीन दिन पहले अलर्ट किया गया था। वहां एक जानवर की भी मौत नहीं हुई। ओडिशा की सरकार ने भी हमारी वार्निंग को माना, जिसके चलते वहां एक शख्स की मौत हुई, वो भी गलती से हुई।
भारत में 2000 करोड़ रुपये खर्च कर सरकार ने अर्ली वार्निंग सिस्टम डेवलप किया है। दुनिया में चार देश के पास ही यह सिस्टम है। बिजली गिरने का अलर्ट भी हमारे पास है। जिसका अलर्ट डीएम के पास जाता है। यह वक्त केरल और वनायडा के लोगों के साथ खड़े रहने का है।