Begin typing your search above and press return to search.
मुख्य समाचार

देश में सात नए राज्यपाल नियुक्त किए गए, तीन राज्यों में बदले गए राज्यपाल, जानें किन किन राज्यों में...

Tripada Dwivedi
28 July 2024 9:04 AM GMT
देश में सात नए राज्यपाल नियुक्त किए गए, तीन राज्यों में बदले गए राज्यपाल, जानें किन किन राज्यों में...
x

नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन द्वारा कल रात जारी विज्ञप्ति के अनुसार झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है और उनके स्थान पर संतोष कुमार गंगवार झारखंड के नए राज्यपाल होंगे। गंगवार को राज्यपाल नियुक्त किए जाने की घोषणा होते ही शनिवार रात में ही बरेली में उनके भारत सेवा ट्रस्ट स्थित आवास पर प्रमुख कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया और मिठाई खिलाकर प्रसन्नता जाहिर की। इस दौरान गंगवार हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकारते रहे।

झारखंड का राज्‍यपाल नियुक्‍त किए जाने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया और कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें जो नयी जिम्मेदारी दी है, वह उस पर खरा उतरेंगे। गंगवार, बरेली संसदीय क्षेत्र से आठ बार सांसद रह चुके हैं।

बता दें राष्ट्रपति ने देश के 10 राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति कर दी गई है। इनमें से 7 राज्यों में नये राज्यपालों को नियुक्त किया गया है। तीन राज्यों के राज्यपालों को बदल दिया गया है जबकि इनमें से एक राज्यपाल को एक अन्य राज्य का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

राज्यपालों की नई नियुक्तियांः

1. सेवानिवृत्त आईएएस के. कैलाशनाथन को पुडुचेरी का उपराज्यपाल (एलजी) बनाया गया।

2. हरिभाऊ किसनराव बागड़े को राजस्थान का गवर्नर बनाया गया।

3. जिष्णु देव वर्मा को तेलंगाना का गवर्नर बनाया गया।

4. ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम का गवर्नर बनाया गया।

5. संतोष कुमार गंगवार को झारखंड का गवर्नर बनाया गया।

6. रामेन डेका को छत्तीसगढ़ का गवर्नर बनाया गया।

7. सी एच विजयशंकर को मेघालय का गवर्नर बनाया गया।

राज्यपालों का तबादला

1. झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को तेलंगाना का अतिरिक्त प्रभार सौंपकर महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया।

2. असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किया गया। उन्हें चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश का प्रशासक भी नियुक्त किया गया।

3. सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया। उन्हें मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया।

Next Story